सड़क सुरक्षा का संदेश लेकर शहर में निकली पुलिस की हेलमेट रैली

  • Share on :

एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शिवपुरी पुलिस ने गुरुवार को शहर में हेलमेट जागरूकता रैली निकाली। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में पुलिसकर्मियों ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व का संदेश दिया। रैली कोर्ट रोड, माधव चौक, ग्वालियर बायपास, झांसी तिराहा और गुरुद्वारा होते हुए राजेश्वरी रोड से वापस पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि हेलमेट महज चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि सड़क हादसे की स्थिति में जीवन बचाने वाला सुरक्षा कवच है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने के साथ ही कार चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की गई।
यह अभियान पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में चलाए जा रहे हेलमेट एवं सीट बेल्ट जागरूकता अभियान का हिस्सा है। अभियान के दौरान शिवपुरी पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है। अब तक बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 950 चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है, जबकि 500 वाहन चालकों पर सीट बेल्ट नहीं लगाने के मामले में कार्रवाई हुई है।
रैली के माध्यम से पुलिस ने आमजन को संदेश दिया कि यातायात नियमों का पालन किसी दबाव में नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए किया जाना चाहिए। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की कि हर बार वाहन चलाते समय स्वयं हेलमेट पहनें और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें।
रैली के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे सहित पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper