सेमरा तिराहे पर पुलिस की दबिश, सट्टा-पट्टी लिखते दो आरोपी पकड़ाए
नकदी, मोबाइल समेत ₹11,080 की सामग्री जब्त, पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज
साहिल खान
बुढ़ार। शहडोल जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना बुढ़ार पुलिस ने ग्राम सेमरा तिराहे के पास अंकों पर रुपये का दांव लगाकर अवैध रूप से सट्टा-पट्टी लिख रहे दो आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टा-पर्ची, डॉट पेन, नकदी और मोबाइल फोन सहित कुल ₹11,080 की सामग्री जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को कस्बा पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सेमरा तिराहे के पास कुछ लोग अंकों पर रुपये का दांव लगाकर सट्टा-पट्टी लिख रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना बुढ़ार पुलिस ने मौके पर दबिश दी और सट्टा-पट्टी लिखते हुए भीखम तिवारी एवं अजय पाण्डेय, दोनों निवासी ग्राम सेमरा, थाना बुढ़ार, जिला शहडोल को अभिरक्षा में लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सट्टा-पर्ची, एक डॉट पेन, ₹1,280 नकद और दो मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹11,080 बताई गई है। पूछताछ में दोनों आरोपियों द्वारा मिलकर सट्टा-पट्टी लिखने और इससे प्राप्त रकम का आपस में बंटवारा करने की बात सामने आई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध पब्लिक गैंबलिंग एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध सट्टा कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

