महिला आरक्षण और परिसीमन पर फिर गरमाई सियासत: किरेन रिजिजू बोले- कानून जल्द लागू करने के वादे पर काम कर रही सरकार

  • Share on :

नई दिल्ली। संसद सत्र के दोबारा बुलाए जाने की अटकलों के बीच महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर एक बार फिर सियासत तेज हो गई है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की महिलाओं से महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने का स्पष्ट वादा किया है और सरकार इसी दिशा में काम कर रही है।
रिजिजू ने इंडिया टुडे से बातचीत के दौरान संसद के दोबारा बुलाए जाने की संभावना पर सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा। लेकिन उन्होंने यह जरूर बताया कि अतीत में ऐसा हुआ है जब किसी सत्र को स्थगित करने के बाद संसद को फिर से दोबारा बुलाया गया है। खास बात यह है कि 13 अगस्त को मानसून सत्र की कार्यवाही खत्म होने के बावजूद अभी तक संसद सत्रावसान नहीं हुआ है।
रिजिजू ने कहा, 'प्रधानमंत्री ने देश की महिलाओं से स्पष्ट रूप से प्रतिबद्धता जताई है कि महिला आरक्षण और संसद की ओर से महिलाओं से किया गया वादा लागू किया जाएगा। उसी आधार पर हम काम कर रहे हैं।'
रिजिजू के इस बयान को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी को लेटर लिखकर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है। खरगे ने कहा कि परिसीमन से जुड़े सरकार के प्रस्तावों पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने से पहले सभी राजनीतिक दलों की बैठक होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण मुद्दा है और सरकार को जल्दबाजी में कदम नहीं उठाना चाहिए।
साभार नवभारत टाइम्स 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper