11 को मुख्यमंत्री के हाथों पौधारोपण अभियान की शुरुआत की तैयारी

  • Share on :

इंदौर : नगर निगम द्वारा न्यू क्लॉथ मार्केट की जमीन पर 30 हजार पौधे लगाने की तैयारी की जा रही है। इस अभियान का शुभारंभ 11 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के हाथों कराया जाएगा। मानसून के साथ ही निगम का पौधारोपण अभियान शुरू होने की तरफ बढ़ गया है। न्यू क्लॉथ मार्केट में नगर निगम को पौधारोपण करने के लिए चार एकड़ जमीन मिली है। इस जमीन पर 30 हजार पौधे लगाए जाएंगे।

यह पौधे लगाने के अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा 11 जुलाई को किया जाएगा। इस दिन मुख्यमंत्री इंदौर में ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में एमपी ग्रोथ कॉन्क्लेव में भाग लेने के लिए आ रहे हैं। इस कॉन्क्लेव में भाग लेने के बाद नगर निगम द्वारा मुख्यमंत्री का यह एक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के बारे में निगम के अधिकारियों को कल ही जानकारी दी गई है। उसके साथ ही इस कार्यक्रम की तैयारी शुरू हो गई है। आज दोपहर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव निगम अधिकारियों के साथ इस जमीन पर जाकर वहां की जा रही तैयारी का जायजा लेंगे।


एक करोड़ का प्रोजेक्ट बनाया
नगर निगम द्वारा इस जमीन को ग्रीन स्पेस के रूप में विकसित करने के लिए एक करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट बनाकर तैयार किया गया है। इस प्रोजेक्ट पर 11 जुलाई से ही काम शुरू हो जाएगा। निगम का लक्ष्य है कि इस स्थान को इतनी बेहतर तरीके से विकसित किया जाए कि यह हरियाली के लिए एक मिसाल बन जाए।

रेवती रेंज पर बनेगा सेल्फी प्वाइंट
नगर निगम द्वारा पिछले वर्ष पौधारोपण के लिए मुख्य केंद्र के रूप में रेवती रेंज की पहाड़ी को चुना गया था। इस पहाड़ी पर निगम ने 12 लाख से ज्यादा पौधे लगाए थे। अब इस वर्ष भी 13 जुलाई को केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव पौधारोपण करने के लिए आ रहे हैं। इसके साथ ही नगर निगम द्वारा यह फैसला लिया गया है कि रेवती रेंज पर पौधों की हरियाली के बीच में एक सेल्फी प्वाइंट बनाया जाए।

1 हजार पौधे रोपेगा यातायात विभाग
इंदौर यातायात विभाग पर्यावरण सुधार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए आज 1 हजार पौधे रोपेगा। स्कीम नंबर 140 में पीटीसी की खाली जमीन पर फलदार और छायादार मोटे तने वाले पौधे आज अधिकारियों की उपस्थिति में लगाए जाएंगे। विभाग इसकी देखभाल की जिम्मा भी उठाएगा। अधिकारियों और यातायात टीम के अलावा और यहां पौधे रोपने के लिए यातायात प्रबंधन मित्र भी पहुंचेंगे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper