ईरान पर हमले के विरोध में न्यूयॉर्क में प्रदर्शन
न्यूयॉर्क। ईरान पर अमेरिकी हमलों के बाद न्यूयॉर्क में लोग सड़क पर उतर आए। लोगों ने अमेरिकी हमलों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। सैकड़ों लोगों ने न्यूयॉर्क की सड़कों पर मार्च किया। साथ ही फलस्तीनी झंडे लहराए और ईरान से हाथ हटाओ और ईरान पर युद्ध बंद करो लिखी तख्तियां पकड़कर नारेबाजी की। वहीं ईरान पर किए हमलों और इस्राइल के प्रति समर्थन को लेकर अमेरिकियों ने चिंता भी जाहिर की।
अमेरिका ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले किए थे। इन हमलों में ईरान के फोर्डो, इस्फहान और नतांज परमाणु स्थलों को निशाना बनाया गया था। हमलों के विरोध में न्यूयॉर्क में लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने ईरान संघर्ष के साथ ही गाजा में सैन्य अभियान के लिए इस्राइल की आलोचना की।
ईरान पर हमलों के बाद अमेरिका के कई शहरों में हाईअलर्ट है। न्यूयॉर्क सिटी पुलिस ने कहा कि वह ईरान में हो रहे घटनाक्रम को लेकर शहर के प्रमुख स्थलों पर अधिक पुलिस बल तैनात कर रहा है। पुलिस ने कहा कि पूरे शहर में धार्मिक, सांस्कृतिक और राजनयिक स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
साभार अमर उजाला