जनसुनवाई सम्पन्न: कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने नागरिकों की समस्याएँ संवेदनशीलता से सुनी और किया त्वरित निराकरण

  • Share on :

हर मंगलवार की तरह इस मंगलवार को भी कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखीं। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने लोगों से संवाद कर कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया और अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर समय-सीमा में प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

      जनसुनवाई में एक भावनात्मक प्रकरण सामने आया। जिसमें अपनी बहन को नया जीवन मिलते देख परिजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। मरीज़ की बहन दिव्या जायसवाल ने बताया कि उनकी बहन ज्योति जायसवाल के शरीर के अंगों ने अचानक काम करना बंद कर दिया था, जिससे उनकी स्थिति बेहद गंभीर होकर जीवन के अंतिम चरण तक पहुंच गई थी। ऐसे कठिन समय में वे जनसुनवाई में पहुंचीं, जहां उन्हें बहन के उपचार के लिए निःशुल्क चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। समय पर मिले इस सहयोग से उनकी बहन का सफल उपचार संभव हो सका। इसी कृतज्ञता के भाव से वे परिजन मिठाई लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर श्री शिवम वर्मा को मिठाई देकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का धन्यवाद ज्ञापित किया। 

      इसी दौरान एक अन्य प्रकरण में पेंशन प्रक्रिया की जटिलताओं के कारण आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान होने पर पूर्व प्राचार्य ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल की पूर्व प्राचार्य श्रीमती भारती पंवार ने बताया कि पेंशन संबंधी प्रक्रिया जटिल होने के कारण उन्हें समय पर पेंशन प्राप्त नहीं हो पा रही थी। इस समस्या के निराकरण हेतु वे जनसुनवाई में पहुंचीं, जहां कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल आवश्यक कार्यवाही कर उनकी समस्या का समाधान कराया। अब उनकी पेंशन नियमित रूप से समय पर प्राप्त हो रही है। इस सहयोग के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्री वर्मा को पुष्प गुच्छ एवं मिठाई देकर आभार प्रकट किया।

      कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने आमजन से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कई आवेदन प्राप्त हुए जिसमें मुख्य रूप में प्लॉट, पेंशन, संपत्ति, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता और रोजगार से जुड़े प्रकरण रहे। जनसुनवाई में सभी विभागीय अधिकारियों और अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पंवार, श्री रोशन राय ने जनसुनवाई में भाग लेकर नागरिकों की समस्याओं को सहानुभूति के साथ सुना और उनका निराकरण किया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper