जनसुनवाई से मजबूत हो रहा पुलिस के प्रति जनता का विश्वास

  • Share on :

खंडवा। जन हेतु, जन सेतु की भावना को साकार करते हुए मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय खंडवा में जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। जनसुनवाई के माध्यम से आमजन को अपनी शिकायतें एवं समस्याएं सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। नियमित रूप से आयोजित हो रही जनसुनवाई के चलते पुलिस और आमजन के बीच संवाद बढ़ रहा है तथा पुलिस के प्रति जनता का विश्वास भी मजबूत हो रहा है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पहुंचे आवेदकों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। एसपी ने आवेदकों को ससम्मान अपने कार्यालय में बैठाकर उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हर शिकायत को गंभीरता से सुनने पर जोर

जनसुनवाई के दौरान विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे आवेदकों ने अपनी बात पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखी। एसपी अगम जैन ने प्रत्येक आवेदक की बात को ध्यानपूर्वक सुना तथा शिकायतों के त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया जा रहा है कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए उनकी जांच एवं कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को समय पर उचित समाधान मिल सके।

पुलिस और आमजन के बीच बढ़ रहा संवाद

नियमित जनसुनवाई पुलिस और आमजन के बीच सीधे संवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। शिकायतकर्ता अपनी समस्याओं को बिना किसी मध्यस्थ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के समक्ष रख पा रहे हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों द्वारा मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए जाने से शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया को गति मिल रही है।

पुलिस अधीक्षक अगम जैन द्वारा आवेदकों को ससम्मान बैठाकर उनकी समस्याएं सुनने की पहल से जनसुनवाई को लेकर सकारात्मक वातावरण बन रहा है। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सुनना, उनका नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करना और जनता के साथ पुलिस के संबंधों को और अधिक मजबूत करना है।

‘जन हेतु, जन सेतु’ का संदेश

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रत्येक मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई ‘जन हेतु, जन सेतु’ की अवधारणा को आगे बढ़ा रही है। नियमित जनसुनवाई के माध्यम से आमजन को अपनी बात रखने का मंच मिल रहा है और पुलिस प्रशासन भी शिकायतों के निराकरण को लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा है। इससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास, संवाद और समन्वय को मजबूत करने में मदद मिल रही है।
संवाददाता :- पुनीत सेन

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper