जनभागीदारी के कार्यों को मिली गति : शहर की संस्थाओं द्वारा डिवाइडर, ग्रीन बेल्ट, रोटरी व उद्यानों का विकास व सौंदर्यीकरण कार्य जारी

  • Share on :

शहर की पहचान स्वच्छता के साथ जनभागीदारी भी है जरूरी – आयुक्त
आदित्य शर्मा
इंदौर। शहर के डिवाइडर, ग्रीन बेल्ट, रोटरी, चौराहों तथा अविकसित उद्यानों के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को जनभागीदारी के माध्यम से गति दी जा रही है।
नगर निगम द्वारा पूर्व में इन स्थलों को सामाजिक संस्थाओं व संगठनों को गोद देने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने बताया कि विभिन्न संस्थाओं से शहर के सौंदर्यीकरण हेतु उत्साहजनक प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि इंदौर की पहचान केवल स्वच्छता तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी इसकी विशेषता है। जब जागरूक नागरिक व संगठन आगे आकर पर्यावरण संरक्षण व शहर विकास में योगदान देते हैं, तो इससे अन्य लोग भी प्रेरित होते हैं।

विभिन्न संस्थाओं द्वारा शहर के प्रमुख स्थलों जैसे क्वींस कॉलेज से खंडवा नाका मार्ग, बापट चौराहा से एबी रोड, चमेली विला के सामने ग्रीन बेल्ट, मालवा मिल क्षेत्र, गीताभवन मार्ग सहित अन्य स्थानों पर डिवाइडर व उद्यान विकास हेतु सहमति दी गई है।

इसके साथ ही कई प्रमुख चौराहों, मार्गों एवं रोटरी के सौंदर्यीकरण हेतु अनुबंध किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त 10 नए स्थानों के लिए भी आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें नेमी नगर उद्यान, विजय नगर क्षेत्र, आईटी पार्क मार्ग सहित अन्य स्थान शामिल हैं।

निगम की अपील:
नगर निगम ने शहर की सामाजिक संस्थाओं व संगठनों से अपील की है कि वे जनभागीदारी के तहत रोटरी, चौराहों, डिवाइडर एवं ग्रीन बेल्ट को 5 वर्ष के लिए गोद लेकर शहर के विकास में सहयोग करें।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper