मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम पंचायत चौबीसा में जनविश्वास शिविर आयोजित
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे एवं कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने सुनीं आमजन की समस्याएं, विभिन्न योजनाओं की दी जानकारी
कलेक्टर ने रानी दुर्गावती कन्या आश्रम में ‘Soles for Souls’ पहल के तहत 50 छात्राओं को पहनाए जूते-मौजे, छात्राओं से किया संवाद
डिंडौरी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित किए जा रहे शिविरों की श्रृंखला में शुक्रवार को विकासखंड मेंहदवानी की ग्राम पंचायत चौबीसा में जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा उनकी समस्याओं और आवेदनों पर कार्रवाई की गई। कार्यक्रम में शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, वनमंडलाधिकारी श्री अशोक कुमार सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Soles for Souls’ पहल से छात्राओं को मिली नई प्रेरणा
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने ग्राम पंचायत राई स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती कन्या आश्रम में नवाचार के तहत ‘Soles for Souls’ पहल के अंतर्गत लगभग 50 छात्राओं को जूते-मौजे पहनाए। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और आगे बढ़ने की प्रेरणा विकसित करना है।
इस दौरान कलेक्टर ने छात्राओं से पढ़ाई, उनकी रुचियों और आवश्यकताओं को लेकर संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याओं, आवश्यकताओं और मन की बात बेझिझक साझा करें। उन्होंने छात्राओं से भविष्य की योजनाओं और पढ़ाई पूरी करने के बाद करियर के विकल्पों के संबंध में चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करें और नियमित अध्ययन करते हुए उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करें।
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए अनुशासन, नियमित अध्ययन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
स्व-सहायता समूहों के उत्पादों का किया अवलोकन
मुख्य शिविर स्थल पर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को पहचान दिलाने तथा उनके आर्थिक सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों के संबंध में जानकारी प्रदान की। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सरकार आपके द्वार’ की अवधारणा को साकार कर रहे शिविर : विधायक ओमप्रकाश धुर्वे
शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने अपने संबोधन में कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान तथा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों के माध्यम से शासन-प्रशासन सीधे आमजन तक पहुंच रहा है। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देते हैं और उनकी समस्याओं एवं आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ‘सरकार आपके द्वार’ की अवधारणा को साकार करना है, ताकि नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। शासन की मंशा है कि अधिकारी-कर्मचारी स्वयं गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनें और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएं। कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव या अन्य कारणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
विधायक श्री धुर्वे ने कहा कि इन अभियानों से लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के साथ आमजन को समय पर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिल रही है। इससे लोगों का समय बचेगा और उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई कर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित हो रहा जनविश्वास शिविर : कलेक्टर
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि शासन की मंशा है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनते हैं और उनके निराकरण की कार्रवाई करते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शिविरों में पहुंचकर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों पर समय-सीमा में कार्रवाई की जाए और हितग्राहियों को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का प्रभावी निराकरण तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
स्वामित्व योजना से अब तक पांच हितग्राही लाभान्वित
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वामित्व योजना के माध्यम से हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। अब तक कुल पांच हितग्राहियों को योजना का लाभ प्रदान किया गया है। इनमें 17 सितंबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम के दौरान दो हितग्राही तथा 9 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचायत चौबीसा में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविर के दौरान तीन हितग्राही माया बाई पति धन्नू निवासी समनापुर, राधा बाई पति श्रवण और पुष्पा बाई पति कृष्ण कुमार दोनों निवासी ग्राम खिरसारी लाभान्वित हुए। पटवारियों ने ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर स्वामित्व योजना, ईकेवायसी, फार्मर आईडी का कार्य किया जा रहा है।
ग्राम चौबीसा में जन विश्वास अभियान शिविर में 419 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत विकासखंड मेहंदवानी की ग्राम पंचायत चौबीसा में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में कुल 419 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। जिनमें से 160 पुरूष 30 वर्ष से अधिक एवं 130 महिला 30 वर्ष से अधिक शामिल रहे। शिविर में 290 लोगों की ब्लड प्रेशर तथा 290 लोगों की ब्लड शुगर जांच की गई। इसके साथ ही 85 लोगों की एनीमिया जांच, 10 लोगों की सिकल सेल जांच तथा 176 लोगों की विभिन्न प्रकार की रक्त जांच की गई। गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच के अंतर्गत प्रथम तिमाही में 3, द्वितीय तिमाही में 5, तृतीय तिमाही में 3 तथा चतुर्थ जांच श्रेणी में 2 जांचें दर्ज की गईं।
शिविर में 174 लोगों की खून की जांच तथा 174 लोगों की एक्स-रे जांच दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त 98 लोगों की आंखों की जांच की गई तथा 77 लोगों को चश्मे वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं अन्य आयु वर्ग के लोगों की जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में चिन्हित 6 रोगियों को उप स्वास्थ्य केंद्र हेतु रेफर किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा जनसामान्य को विभिन्न स्वास्थ्य जांच सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के माध्यम से जिला प्रशासन का प्रयास है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण हो तथा पात्र हितग्राहियों को शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराया जा सके।

