दिल्ली में पंजाब का धमाका: 265 रन बनाकर तोड़ा अपना ही वर्ल्ड रिकॉर्ड, अजेय बढ़त बरकरार

  • Share on :

नई दिल्ली। पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराकर आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज किया। दिल्ली ने केएल राहुल के नाबाद 152 रन की बदौलत 20 ओवर में दो विकेट पर 264 रन बनाए। जवाब में पंजाब के लिए प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक लगाए जिससे टीम ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर 265 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। आईपीएल का यह सबसे सफल रन चेज है। ये रिकॉर्ड पहले भी पंजाब के ही नाम था जिन्होंने 2024 में केकेआर के खिलाफ दो विकेट पर 262 रन बनाए थे। अब पंजाब ने अपने इस रिकॉर्ड में सुधार किया है।
पंजाब का आईपीएल 2026 में अजेय अभियान जारी है और वह अंक तालिका में शीर्ष पर बरकरार है। पंजाब के लिए प्रभसिमरन सिंह ने सबसे ज्यादा 26 गेंदों पर नौ चौकों और पांच छक्कों की मदद से 76 रन बनाए, जबकि श्रेयस 36 गेंदों पर तीन चौकों और सात छक्कों के सहारे 71 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली के लिए कुलदीप यादव ने दो विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल और विपराज निगम को एक-एक सफलता मिली। 
लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने शानदार शुरुआत की और चार ओवर में 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया। प्रभसिमरन सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अर्धशतक लगाया। पंजाब किंग्स ने पावरप्ले खत्म होने से पहले ही 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया था। पंजाब किंग्स ने आईपीएल में पावरप्ले का दूसरा सर्वोच्च स्कोर बना डाला। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या ने पंजाब को धुआंधार शुरुआत दिलाई। पंजाब ने पहले छह ओवर में ही बिना किसी नुकसान के 116 रन बनाए। ये आईपीएल में पावरप्ले में बना दूसरा सर्वोच्च स्कोर है। आईपीएल में पहले छह ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के नाम है जिन्होंने 2024 में दिल्ली के खिलाफ बिना किसी नुकसान के 125 रन बनाए थे। 
पंजाब किंग्स को प्रियांश आर्या के रूप में पहला झटका लगा। प्रियांश को अक्षर पटेल ने अपना शिकार बनाया जो 17 गेंदों पर दो चौकों और पांच छक्कों की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। प्रियांश और प्रभसिमरन के बीच पहले विकेट के लिए 126 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद कुलदीप यादव ने प्रभसिमरन सिंह को आउट कर पंजाब को दूसरा झटका दिया। प्रभसिमरन 26 गेंदों पर नौ चौकों और पांच छक्कों की मदद से 76 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिर कुलदीप यादव ने कूपर कोनोली को बोल्ड कर पंजाब को तीसरा झटका दिया। कोनोली को मुकेश कुमार ने एक जीवनदान दिया था, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सके और 10 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 17 रन बनाकर आउट हुए। 
पंजाब ने नेहाल वढेरा को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतारा। श्रेयस और वढेरा के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही थी। विपराज निगम ने हालांकि, वढेरा को आउट कर पंजाब को चौथा झटका दिया। विपराज 15 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 25 रन बनाकर आउट हुए। विपराज और श्रेयस के बीच चौथे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी हुई। इस वक्त तक मैच काफी रोमांचक स्थिति में था। श्रेयस भी दबाव में आ गए, लेकिन करुण नायर ने दो बार श्रेयस का कैच छोड़ा। दोनों कैच आसान थे, लेकिन करुण ने दो बार श्रेयस को जीवनदान दिया। श्रेयस ने इसका पूरा फायदा उठाया। उन्होंने पहले 26 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया और वह सात गेंद शेष रहते टीम को जीत दिलाई। 
दिल्ली कैपिटल्स के घातक गेंदबाज लुंगी एनगिडी फील्डिंग करते वक्त चोटिल हो गए। एनगिडी की चोट ज्यादा गंभीर मालूम पड़ रही थी। शुरुआत में वह डॉक्टर से कुछ बात कर रहे थे, लेकिन बाद में स्थिति गंभीर लगने लगी। मैदान पर पंजाब किंग्स के कोच रिकी पोंटिंग भी आए और दर्शक भी इस दृष्य से चिंता में दिखे। मैच कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। स्थिति कितनी गंभीर से इस बात का अंदाजा इससे ही लगाया जा सकता है कि मैदान के अंदर एंबुलेंस भी आ गई। एनगिडी को एंबुलेंस के जरिये अस्पताल ले जाया गया।
इससे पहले, दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। हालांकि, पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और अर्शदीप सिंह ने जल्द ही पाथुम निसांका को आउट कर दिया था जो सात गेंदों पर दो चौकों की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद राहुल और नीतीश ने दिल्ली की पारी को संभाला और पंजाब के गेंदबाजों को जमकर परेशान करते हुए दबाव बनाया। केएल राहुल और नीतीश राणा के बीच दूसरे विकेट के लिए 220 रनों की साझेदारी हुई। 
केएल राहुल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आईपीएल का अपना छठा शतक लगाया। राहुल और नीतीश ने दमदार साझेदारी की जिससे दिल्ली पंजाब के सामने विशाल लक्ष्य रखने में सफल रही। दिल्ली के लिए केएल राहुल ने 67 गेंदों पर 16 चौकों और नौ छक्कों की मदद से नाबाद 152 रन बनाए, जबकि नीतीश 44 गेंदों पर 11 चौकों और चार छक्कों की मदद से 91 रन बनाकर पवेलियन लौटे। राहुल ने 47 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया, लेकिन नीतीश सैकड़ा जड़ने से पहले ही आउट हो गए। राहुल इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले संयुक्त रूप से तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में राहुल ने क्रिस गेल की बराबरी कर ली है जिन्होंने उनकी ही तरह आईपीएल में छह शतक लगाए हैं।  डेविड मिलर तीन रन बनाकर नाबाद रहे। पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह और जैवियर बार्टलेट को एक-एक विकेट मिला।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper