48 साल बाद खुल रहे पुरी रत्न भंडार की इन्वेंट्री 100 घंटे पार, 3 बड़े संदूक अभी बाकी

  • Share on :

पुरी. ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ का मंदिर है. 12वीं सदी का यह मंदिर आस्था का केंद्र तो है ही, अपने भीतर इतिहास की कई परतें भी समेटे हुए है. इन्हीं परतों में एक है मंदिर का रत्न भंडार. ऐसा खजाना, जिसमें सोने-चांदी के आभूषणों के साथ हीरे, नीलम, मोती और माणिक जैसे कीमती रत्न रखे हैं.
अब सोचिए, इन आभूषणों की गिनती करनी हो तो कितना वक्त लगेगा? एक-दो दिन? एक हफ्ता? या शायद इससे भी ज्यादा? मंदिर प्रशासन की मानें तो एक-एक आभूषण की जांच में कम से कम एक घंटा लग रहा है. वजह यह कि इन आभूषणों में कीमती रत्न जड़े हैं. उनकी पहचान करनी है, उनकी स्थिति दर्ज करनी है और पुराने रिकॉर्ड से मिलान भी करना है.
27 नवंबर को मंदिर प्रशासन ने बताया कि रत्न भंडार की इन्वेंट्री में 100 घंटे का आंकड़ा पार हो चुका है. 19 दिनों में कुल 103 घंटे 50 मिनट तक काम किया गया है. रत्न भंडार के भीतर रखे तीन बड़े लकड़ी के संदूक अभी खोले ही नहीं गए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, उनमें भी बड़ी संख्या में कीमती सामान रखा हुआ है.
जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार में रखे सामान की पिछली इन्वेंट्री साल 1978 में हुई थी. इसके बाद अब मार्च 2026 में फिर से इस काम की शुरुआत हुई. यानी करीब 48 साल बाद मंदिर के खजाने में रखी कीमती वस्तुओं का विस्तृत हिसाब तैयार किया जा रहा है.
यह काम सिर्फ गिनती करने तक सीमित नहीं है. हर चीज की पहचान, उसकी डिटेल, तस्वीर और रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है. इसके लिए फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और 3D मैपिंग की मदद ली जा रही है.
श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (SJTA) के मुख्य प्रशासक अरबिंद पाढ़ी ने 27 नवंबर को बताया कि 19 दिनों में 103 घंटे 50 मिनट तक इन्वेंट्री का काम हुआ है. उन्होंने यह भी साफ किया कि काम पूरा करने की कोई जल्दबाजी नहीं है. वजह भी समझिए. पांच दशक के अंतराल के बाद यह प्रक्रिया हो रही है. ऐसे में एक छोटी सी गलती भी रिकॉर्ड को प्रभावित कर सकती है.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper