जनसुनवाई में त्वरित कार्रवाई : कांताबाई को मिली राहत, भूमि से हटाया गया अतिक्रमण
इन्दौर। इंदौर जिले में जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण का क्रम लगातार जारी है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के समक्ष जनसुनवाई में पहुंची कांताबाई पति मदनलाल निवासी बिजलपुर ने ग्राम कंपेल तहसील खुड़ैल स्थित अपनी भूमि पर किए गए अतिक्रमण की शिकायत प्रस्तुत की थी।
शिकायत में बताया गया कि जीवन पटेल द्वारा शिकायतकर्ता की भूमि पर खंभे गाड़कर अतिक्रमण किया गया है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की तथा भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया। त्वरित कार्रवाई से शिकायतकर्ता कांताबाई को तत्काल राहत मिली।
जिला प्रशासन द्वारा की गई इस संवेदनशील एवं प्रभावी कार्रवाई से आमजन में विश्वास मजबूत हुआ है कि जनसुनवाई के माध्यम से उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

