बारिश ने खोली करैरा नगर परिषद के नाला-नालियों की पोल, सड़क से ऊंचा नाला बना घरों में जलभराव का सबब

  • Share on :

करैरा। रविवार शाम करीब 4 बजे हुई मूसलाधार बारिश ने करैरा नगर परिषद की नाली, नाले और सड़क निर्माण व्यवस्था की कथित खामियों की पोल खोल दी। नगर के प्रमुख वार्डों में देखते ही देखते जलभराव के हालात बन गए। वार्ड क्रमांक 9, जिसे नगर पालिका अध्यक्ष का वार्ड बताया जा रहा है, में बारिश का पानी नालियों से निकलने के बजाय सड़कों और घरों में पहुंच गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बारिश के दौरान हर वर्ष करैरा के कई वार्डों में जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। नागरिकों का कहना है कि सड़क, नाली और नाले निर्माण में निर्धारित लेवल, ढाल और तकनीकी मानकों का समुचित पालन नहीं होने के कारण बारिश का पानी निकासी के बजाय आबादी की ओर मुड़ जाता है।
वार्ड क्रमांक 9 और ज्ञानदीप स्कूल के पास बने नाले पर भी सवाल उठ रहे हैं। रहवासियों के अनुसार नाला मुख्य सड़क के लेवल से करीब एक फुट ऊंचा होने के कारण तेज बारिश में पानी घरों की ओर जाने लगता है। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण से पहले उचित तकनीकी सर्वे, लेवल और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती तो शायद ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।
अब सवाल यह है कि जब नालियां पानी निकालने के लिए बनाई गई हैं तो बारिश आते ही वही नालियां जलभराव का कारण क्यों बन रही हैं? क्या नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों और इंजीनियरों ने निर्माण से पहले मौके की भौगोलिक स्थिति और पानी के प्राकृतिक बहाव का आकलन किया था?
बारिश ने एक बार फिर करैरा नगर की नाली-नाला और सड़क निर्माण व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। जरूरत है कि नगर परिषद पूरे मामले की तकनीकी जांच कराए और जहां निर्माण में खामियां हैं, वहां तत्काल सुधार कराए, ताकि आगामी बारिश में आम नागरिकों को जलभराव और आर्थिक नुकसान का सामना न करना पड़े।
रणजीत टाइम्स न्यूज
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ — हेमंत भार्गव

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper