देशभर में बारिश का कहर: कई राज्यों में आफत की बरसात, उत्तराखंड में 7 की मौत और 172 सड़कें बंद
नई दिल्ली. देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. नदियां उफान पर हैं, निचले इलाकों में जलभराव के कारण लाखों लोगों को ऊंचाई वाले इलाकों में जाने पर मजबूर होना पड़ा है. वहीं पहाड़ी राज्यों में जगह-जगह लैंडस्लाइड के कारण सड़कें बंद हैं और कई इलाकों में फ्लैश फ्लड का खतरा बना गया है. उत्तराखंड में अल्मोड़ा, बागेश्वर, टिहरी, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और पौड़ी में बारिश से जुड़ी घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है.
अब तक अलग-अलग हादसों में 7 लोगों की मौत की खबर है. प्रशासन और स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं. बारिश और भूस्खलन के कारण राज्य में 172 से ज्यादा सड़कें बंद हैं. इनमें पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर में एक-एक हाईवे भी शामिल है. कई जगह सड़कें खोलने के लिए जेसीबी और अन्य मशीनों से मलबा हटाने का काम जारी है.
लगातार बारिश के बाद हल्द्वानी से गौला नदी में करीब 27 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. ऊधम सिंह नगर के किच्छा, पुलभट्टा, शांतिपुरी और सूर्यनगर में प्रशासन लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को नदी से दूर रहने की सलाह दे रहा है. कई इलाकों में जलभराव की वजह से डिग्री कॉलेज और साप्ताहिक बाजार भी प्रभावित हुए हैं.
खटीमा के वनगांव में खकरा नदी का जलस्तर बढ़ने से दो दर्जन से अधिक परिवार जलभराव की चपेट में आ गए. प्रशासन, SDRF और पुलिस ने कुछ परिवारों को राहत शिविरों में पहुंचाया है. रघुलिया प्राथमिक विद्यालय को राहत कैंप बनाया गया है, जहां प्रभावित लोगों को भोजन और पानी समेत जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं.
साभार आज तक

