रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए रूस ने कहा- भारत के लोकसभा चुनावों में दखल देने की कोशिश कर रहा अमेरिका

  • Share on :

मॉस्को। अमेरिका के एक आयोग ने हाल ही में रिपोर्ट जारी की है, जिसमें भारत में धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर चिंता जताई गई है। इस पर भारत ने तो ऐतराज जताया ही है और अब उसके खास दोस्त रूस ने भी अमेरिका को सुनाया है। रूस ने इस रिपोर्ट को भारत में दखलअंदाजी करने का एक उपकरण करार दिया  है। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने मारिया जाखारोवा ने कहा कि यह रिपोर्ट ऐसे वक्त में आई है, जब भारत में आम चुनाव हो रहे हैं। इसके जरिए अमेरिका ने भारत में अस्थिरता फैलाने की कोशिश की है। इस रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए रूस ने कहा कि अमेरिका को ऐसा कोई हक नहीं है। वह भारतीयों की मानसिकता और वहां के इतिहास की समझ नहीं रखता।
रूसी विदेश मंत्रालय ने साफ कहा कि अमेरिकी रिपोर्ट में गैरवाजिब सवाल उठाए गए हैं। वह भी तब जब भारत में आम चुनाव हो रहे हैं। जाखारोवा ने कहा कि ऐसी रिपोर्ट तो भारत का एक देश के तौर पर अपमान है। विदेश मंत्री के हवाले से रशिया टुडे टीवी चैनल ने कहा, 'इसकी वजह है कि भारत की आंतरिक राजनीति में दखल दिया जाए और वहां अस्थिरता पैदा की जाए। इससे आम चुनाव में समस्या हो।' उन्होंने कहा कि अमेरिका को भारत के आंतरिक मामलों से एकदम दूर रहना चाहिए। बता दें कि अमेरिकी आयोग की सालाना रिपोर्ट में भारत में धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर चिंता जताई गई है। हर साल ही ऐसी रिपोर्ट आती है, जिस पर भारत कई बार उसे आईना भी दिखा चुका है।
यही नहीं इस आयोग ने अमेरिकी विदेश मंत्रालय को सिफारिश की है कि भारत को चिंता वाले देशों की श्रेणी में डाल दिया जाए। रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि भारत की सत्ताधारी पार्टी भाजपा भेदभावपूर्ण नीतियां लागू कर रही है। रिपोर्ट में CAA, गोहत्या कानून, विदेशी चंदा अधिनियम और आतंकवाद से निपटने के लिए बने UAPA पर सवाल उठाए गए हैं। अमेरिकी आयोग का कहना है कि इन कानूनों के चलते अल्पसंख्यकों को टारगेट किया जा रहा है। उनका उत्पीड़न हो रहा है। इसके अलावा बेवजह लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है और उनकी मॉनिटरिंग हो रही है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper