साँसें रोक देने वाले मैच में राजस्थान की शाही जीत: गुजरात को 6 रन से हराया, तुषार देशपांडे बने हीरो

  • Share on :

अहमदाबाद. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-9 में शनिवार (4 अप्रैल) को गुजरात टाइटन्स (GT) का सामना राजस्थान रॉयल्स (RR) से हुआ. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने 6 रनों से जीत हासिल की. मुकाबले में गुजरात टाइटन्स को जीत के लिए 211 रन बनाने थे, लेकिन वो 8 विकेट पर 204 रन ही बना सकी.
मुकाबला आखिरी ओवर तक खिंचा और काफी रोमांचक रहा. आखिरी ओवर में गुजरात टाइटन्स को जीत के लिए 11 रन बनाने थे. लेकिन तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने उस ओवर में कमाल की गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 4 रन दिए और कप्तान राशिद खान का विकेट भी लिया. राशिद खान और कगिसो रबाडा क्रीज पर जम चुके थे, लेकिन तुषार ने आखिरी ओवर में उन दोनों को पूरी तरह बांधे रखा.
राजस्थान रॉयल्स की मौजूदा सीजन में ये लगातार दूसरी जीत रही. वहीं गुजरात टाइटन्स ने मौजूदा सीजन में लगातार दूसरा मुकाबला गंवाया है. गुजरात टाइटन्स की इस सीजन में शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसे पहले मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) ने तीन विकेट से हरा दिया था. वहीं राजस्थान रॉयल्स ने अपने शुरुआती मुकाबले में पांच बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 8 विकेट से धूल चटाई थी.
रनचेज में गुजरात टाइटन्स की शुरुआत तो शानदार रही. कुमार कुशाग्र और साई सुदर्शन ने मिलकर पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़े. कुशाग्र ने 18 रन बनाए और उनका विकेट कप्तान रियान पराग ने लिया. फिर सुदर्शन के रूप में गुजरात टाइटन्स को बड़ा झटका लगा. सुदर्शन ने 44 गेंदों का सामना करते हुए 73 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. सुदर्शन को स्पिनर रवि बिश्नोई ने आउट किया, जो इम्पैक्ट सब के तौर पर उतरे थे.
रवि बिश्नोई ने इसके बाद ग्लेन फिलिप्स (3 रन) और वॉशिंगटन सुंदर (4 रन) को भी पवेलियन रवाना कर दिया. जबकि अच्छी बैटिंग कर रहे जोस बटलर (26 रन) भी नांद्रे बर्गर को अपना विकेट दे बैठे, जिसके चलते गुजरात टाइटन्स संकट में आ गई. रवि बिश्नोई ने इसके बाद राहुल तेवतिया को आउट किया, जो केवल 12 रन बना सके. शाहरुख खान 11 रन बनाकर रन आउट हो गए, जिससे गुजरात टाइटन्स का स्कोर 161/7 हो गया. यहां से कगिसो रबाडा (नाबाद 23 रन) और राशिद खान (24 रन) ने मैच को रोमांचक बनाया.
राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट पर 210 रन बनाए. राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत शानदार रही. वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल के बीच पहले विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी हुई. वैभव सूर्यवंशी ने 18 गेंदों पर 31 रन बनाए, जिसमें 5 चौके के अलावा एक सिक्स शामिल रहा. वैभव को कप्तान राशिद खान ने अपनी फिरकी में फंसाया. वैभव के आउट होने के बाद यशस्वी ने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 56 रन जोड़े.
यशस्वी जायसवाल ने 36 गेंदों का सामना करते हुए 55 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. यशस्वी को कगिसो रबाडा ने एक बेहतरीन गेंद पर क्लीन बोल्ड किया. कप्तान रियान पराग (8 रन), शिमरॉन हेटमायर (18 रन) और डोनोवन फरेरा (1 रन) बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर सके.
विकेटों के पतन के बीच ध्रुव जुरेल क्रीज पर जमे रहे और उन्होंने शानदार पारी खेली. जुरेल ने पांच छक्के और पांच चौके की मदद से 42 गेंदों पर 75 रन बनाए. गुजरात टाइटन्स की ओर से कगिसो रबाडा ने सबसे ज्यादा दो विकेट झटके. राशिद खान, प्रसिद्ध कृष्णा, अशोक शर्मा और मोहम्मद सिराज को एक-एक विकेट मिला.
इस मुकाबले में गुजरात टाइटन्स की कप्तानी राशिद खान ने संभाली. नियमित कप्तान शुभमन गिल मांसपेशियों में अकड़न के चलते चयन के लिए अनुपलब्ध थे. 
इंडियन प्रीमियर लीग में गुजरात टाइटन्स का पलड़ा राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ भारी रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक आईपीएल में 9 मुकाबले खेले गए है. इस दौरान गुजरात टाइटन्स ने 6 मैचों में जीत हासिल की. जबकि राजस्थान रॉयल्स को केवल 3 मैचों में सफलता हाथ लगी.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper