राज्यसभा की जंग: बिहार, ओडिशा और हरियाणा में मतदान आज, विपक्षी खेमे में एआईएमआईएम ने बढ़ाई बेचैनी

  • Share on :

नई दिल्ली। राज्यसभा की 11 सीटों के लिए सोमवार को चुनाव कराए जाएंगे। इनमें बिहार की पांच, ओडिशा की चार और हरियाणा की दो सीटें शामिल हैं। नतीजे सोमवार को ही घोषित किए जाएंगे। गौरतलब है कि देशभर में इस बार राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। इनमें से 26 सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। 
बिहार, ओडिशा और हरियाणा की राज्यसभा की 11 सीटों पर सोमवार को होने वाले मतदान से पहले सियासी हलचल तेज है। खास तौर पर बिहार में एआईएमआईएम के रुख ने विपक्षी महागठबंधन को उलझा दिया है। यहां आईआईपी और कुछ कांग्रेस विधायकों के भी राजग के उम्मीदवारों के पक्ष में वोट करने के संकेत हैं। इसके अलावा ओडिशा और हरियाणा में हॉर्स ट्रेडिंग के भय से सभी पक्ष अपने अपने विधायकों को सुरक्षित जगहों पर लेकर चले गए हैं।
बिहार में मुकाबला पांचवीं सीट के लिए भाजपा के शिवेश राम और राजद के एडी सिंह के बीच है। इस सीट पर जीत के लिए विपक्षी महागठबंधन को अपने 35 विधायकों को एकजुट रखते हुए एआईएमआईएम के पांच और बसपा के एक विधायक के समर्थन की अनिवार्य जरूरत है। राजग को तीन अतिरिक्त मतों की जरूरत है।
शनिवार को एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमाम और राजद के मुखिया तेजस्वी यादव के बीच हुई मुलाकात में कोई फैसला नहीं हो सका। राजग सूत्रों का कहना है कि एआईएमआईएम या तो उपेंद्र कुशवाहा को समर्थन करने का या मतदान से दूर रहने का निर्णय ले सकती है। आईआईपी और बसपा के विधायक का भी राजग को समर्थन मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा कांग्रेस के कुछ विधायक नाराज हैं। ऐसे में पांचवीं सीट पर भी राजग की जीत के संकेत मिल रहे हैं।
साभार अमर उजाला 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper