शास. उच्च. माध्य. विद्यालय कनेरी में रक्षाबंधन,बलराम जयंती एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया
डिंडोरी जिले के मेंहदवानी विकासखण्ड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनेरी में रक्षाबंधन,बलराम जयंती (हल षष्ठी )एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री बलराम जी और श्री कृष्ण के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय के प्राचार्य पी एल साहू ने छात्र-छात्राओं को भगवान बलराम जी के जीवन, उनके हल और मूसल के महत्व तथा कृषि और बल के प्रतीक के रूप में उनके योगदान के बारे में विस्तार से बताया। और अपने उद्बोधन में भगवान श्री कृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने और उसके द्वारा बताए गए सत्य धर्म और कर्म की मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व हमें हमारी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ते हैं।
इसके पश्चात रक्षाबंधन के पावन पर्व पर छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के अटूट प्रेम और रक्षा के संकल्प को दोहराया। छात्रों ने भी बहनों की रक्षा का वचन दिया।
इसके पश्चात कृष्ण जन्माष्टमी पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नन्हे मुन्ने बच्चे राधा - कृष्ण की वेशभूषा में आकर्षण का केंद्र रहे। छात्राओं द्वारा कृष्ण भजनों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया गया, वहीं छात्रों ने मटकी फोड़ प्रतियोगिता में उत्साह के साथ भाग लिया।
विद्यालय के शिक्षकों ने रक्षाबंधन, बलराम जयंती एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गीत, नृत्य और भाषण प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
अंत में प्राचार्य पी . एल.साहू ने सभी छात्र-छात्राओं को तीनों पर्वों की शुभकामनाएं दीं और भारतीय संस्कृति एवं परम्पराओं को बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

