2020 के बाद 17वीं बार जेल से बाहर राम रहीम: 21 दिन की अस्थायी रिहाई पर सिरसा रवाना
रोहतक। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह मंगलवार सुबह हरियाणा के रोहतक स्थित हाई सिक्योरिटी सुनारिया जेल से बाहर आ गया। उसे 21 दिन की फरलो मंजूर हुई है। यह 2020 के बाद उसकी 17वीं अस्थायी रिहाई है।
राम रहीम सुबह करीब 6:05 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेल से बाहर निकला। जानकारी के मुताबिक, वह सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय के लिए रवाना हुआ है।
राम रहीम को दुष्कर्म और हत्या के अलग-अलग मामलों में सजा सुनाई जा चुकी है। वह इससे पहले 26 जून को 30 दिन की पैरोल पूरी करने के बाद सुनारिया जेल लौटा था। यानी करीब दो महीने से भी कम समय बाद उसे एक बार फिर अस्थायी रिहाई मिली है।
डेरा प्रमुख को अगस्त 2017 में दो महिला अनुयायियों से दुष्कर्म के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद सुनारिया जेल भेजा गया था। इसके बाद उसे अन्य मामलों में भी दोषी ठहराया गया, जिनमें सिरसा के पत्रकार राम चंद्र छत्रपति की हत्या का मामला भी शामिल है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

