इंदौर में रंग पंचमी पर 8 मार्च को निकलेगी रंगारंग गेर डीजे रहेगा प्रतिबंधित, सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम

  • Share on :

राजेश धाकड़ 
इंदौर में 8 मार्च रविवार को रंग पंचमी का पर्व परंपरागत उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के निर्धारित मार्गों से विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा रंगारंग गेर निकाली जाएगी, जिसमें पूरा शहर रंगों से सराबोर नजर आएगा। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि गेर के दौरान हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
गेर आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, डीसीपी श्री आनन्द कलादगी, एडीएम श्री रोशन राय सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और विभिन्न गेर आयोजक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि गेर की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और यह शहर के पारंपरिक मार्गों से ही निकाली जाएगी। राधा-कृष्ण फाग यात्रा के साथ टोरी कॉर्नर, मारल क्लब और संगम कॉर्नर सहित कई संस्थाओं द्वारा गेर निकाली जाएगी। आयोजकों ने गेर के रूट और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रशासन को दी।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने आयोजकों से कहा कि सभी गेर निर्धारित समय और तय क्रम के अनुसार ही निकाली जाएं। उन्होंने विशेष रूप से अनुशासन बनाए रखने और किसी भी प्रकार की हुड़दंग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि गेर के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित सामग्री का उपयोग नहीं किया जाए और लोगों पर खतरनाक वस्तुएं नहीं फेंकी जाएं।
कलेक्टर ने कहा कि इंदौर की गौरवशाली परंपरा ‘गेर’ शहर की सांस्कृतिक पहचान है और इसे और बेहतर बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम का पालन किया जाए तथा अश्लील या अभद्र गीत न बजाए जाएं।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि गेर में डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केवल अनुमति प्राप्त वाहनों को ही शामिल किया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि वाहन चालक लाइसेंसधारी हों, किसी प्रकार के नशे में न हों और वाहनों की फिटनेस भी पूरी तरह ठीक हो।
डीसीपी आनन्द कलादगी ने कहा कि गेर के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। पूरे मार्ग पर ड्रोन, सीसीटीवी और वीडियो कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए गेर मार्ग को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा और सेक्टर-वार कंट्रोल रूम भी स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि स्वागत मंच सड़क के केवल एक ही तरफ लगाए जाएंगे, ताकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो। गेर में किसी भी प्रकार की हुड़दंग, हथियार रखने या असामाजिक गतिविधि करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि गेर के दौरान कोई संदिग्ध गतिविधि या हथियार रखने वाला व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। शराब पीकर शांति भंग करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी बताया गया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और चिकित्सकों की विशेष व्यवस्था की जाएगी। साथ ही गेर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिनमें महिला वालिंटियर भी तैनात रहेंगी और उन्हें पहचान पत्र जारी किए जाएंगे।
प्रशासन ने सभी आयोजकों से आपसी समन्वय बनाए रखने और इंदौर की इस ऐतिहासिक और गौरवशाली परंपरा को शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने की अपील की है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper