18 वर्षों से पर्यावरण संरक्षण की मिसाल पेश कर रहा रणजीत टाइम्स एवं फार्म हाउस वाला ग्रुप
प्रधान संपादक गोपाल गावंडे के नेतृत्व में इको-फ्रेंडली गणेश विसर्जन, “एक गणपति–एक पेड़” के संकल्प के साथ बप्पा को दी भावपूर्ण विदाई
इंदौर। रणजीत टाइम्स न्यूज़।
रणजीत टाइम्स एवं फार्म हाउस वाला ग्रुप द्वारा पिछले 18 वर्षों से लगातार गणेश उत्सव के दौरान इको-फ्रेंडली गणेश विसर्जन की परंपरा निभाई जा रही है। इस वर्ष भी अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर पूरे उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक सरोकार के साथ गणपति बप्पा को भावपूर्ण विदाई दी गई।

रणजीत टाइम्स के प्रधान संपादक गोपाल गावंडे ने अपने परिवार, मित्रों, सहयोगियों तथा रणजीत टाइम्स एवं फार्म हाउस वाला ग्रुप की पूरी टीम के साथ गणपति बप्पा की पालकी निकाली। ढोल-नगाड़ों और “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष के बीच बप्पा को श्रद्धापूर्वक विदाई दी गई।

इस अवसर पर रणजीत टाइम्स की कार्यकारी संपादक रेणु कैथवास, संवाददाता दौलत सिंह पड़ौलिया, एसोसिएट पार्टनर्स सहित रणजीत टाइम्स एवं फार्म हाउस वाला ग्रुप के सदस्य मौजूद रहे।

पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए गणपति बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन विशेष रूप से बनाए गए कुंड में इको-फ्रेंडली तरीके से किया गया। आयोजन के माध्यम से संदेश दिया गया कि धार्मिक आस्था और परंपराओं के निर्वहन के साथ-साथ प्रकृति एवं जलस्रोतों की सुरक्षा भी हम सभी की जिम्मेदारी है।

इस वर्ष आयोजन को और विशेष बनाते हुए “एक गणपति–एक पेड़” का संकल्प लिया गया। विसर्जित किए गए गणपति के नाम से पौधारोपण किया जाएगा, जिससे बप्पा की विदाई के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी समाज तक पहुंचे।
प्रधान संपादक गोपाल गावंडे ने कहा कि रणजीत टाइम्स एवं फार्म हाउस वाला ग्रुप पिछले 18 वर्षों से सामाजिक एवं पर्यावरणीय सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए इस परंपरा को लगातार आगे बढ़ा रहा है। गणेश उत्सव केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक संदेश देने का भी अवसर है। इसी उद्देश्य से इको-फ्रेंडली विसर्जन और पौधारोपण की पहल हर वर्ष की जा रही है।
कार्यक्रम में गणपति बप्पा की महा आरती, महाभोग एवं महाप्रसादी का आयोजन भी किया गया। सभी ने बप्पा से सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए अगले वर्ष पुनः आगमन की प्रार्थना की।
“गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ।”
— रणजीत टाइम्स न्यूज़ | 25 सितंबर 2026

