RCB बना आईपीएल 2026 का बादशाह: फाइनल में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से रौंदा, लगातार दूसरी बार जीता खिताब
अहमदाबाद। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटंस को हराकर आईपीएल 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। आरसीबी ने इस तरह लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया और वह टूर्नामेंट के इतिहास की चौथी सबसे सफल टीम बन गई। आरसीबी ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराया। गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 155 रन बनाए थे। जवाब में आरसीबी ने 18 ओवर में पांच विकेट पर 161 रन बनाकर मैच जीता।
आरसीबी के लिए एक बार फिर विराट कोहली जीत के हीरो बनकर उभरे। कोहली 42 गेंदों पर नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 75 रन बनाकर नाबाद रहे। कोहली अंत तक टिके रहे और उन्होंने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी के लिए कोहली के साथ वेंकटेश अय्यर पारी की शुरुआत करने उतरे। वेंकटेश इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे थे। इन दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से खेलना शुरू किया और गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बनाया। वेंकटेश और कोहली के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई, लेकिन पांचवें ओवर में मोहम्मद सिराज ने वेंकटेश को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। वेंकटेश 16 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल (1), कप्तान रजत पाटीदार (15) और क्रुणाल पांड्या (1) के विकेट गंवाए। आरसीबी ने 91 के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए थे और लग रहा था कि यहां से गुजरात मैच फंसा सकती है, लेकिन सामने कोहली खड़े थे और उन्होंने गुजरात के गेंदबाजों का बेहतरीन तरीके से सामना किया। गुजरात के लिए राशिद खान ने दो विकेट झटके, जबकि मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और अरशद खान को एक-एक विकेट मिला।
आरसीबी आईपीएल की चौथी सफल टीम बन गई है। आईपीएल में सबसे ज्यादा खिताब जीतने का रिकॉर्ड सीएसके और मुंबई इंडियंस के नाम है। इन दोनों टीमों ने पांच-पांच खिताब अपने नाम किए हैं। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) तीन बार इस टूर्नामेंट की विजेता बन चुकी है। अब आरसीबी दो ट्रॉफी के साथ चौथी सफल टीम बन गई है।
आरसीबी की टीम ने अपने दोनों आईपीएल खिताब अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ही जीते हैं। वह तीसरी ऐसी टीम है जिसने एक ही वेन्यू पर दो बार आईपीएल की ट्रॉफी उठाई है। आरसीबी से पहले मुंबई इंडियंस ने कोलकाता में 2013 और 2015, हैदराबाद में 2017 और 2019 में खिताब जीते थे। वहीं, केकेआर ने 2012 और 2014 में चेन्नई के मैदान पर आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम की थी।
दिलचस्प बात यह है कि 2011 में प्लेऑफ प्रारूप आने के बाद 16 में से 13वीं बार क्वालिफायर-1 की विजेता टीम ने आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम की है। आरसीबी ग्रुप चरण में शीर्ष पर रहकर क्वालिफायर-1 में पहुंची थी। आरसीबी ने उस मैच में भी गुजरात को हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया था। अब फाइनल में भी आरसीबी ने गुजरात को मात दी।
इससे पहले, आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, लेकिन गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के मददगार मानी जाती है, लेकिन गुजरात के बल्लेबाज इस पिच पर संघर्ष करते नजर आए। सिर्फ वाशिंगटन सुंदर ही बड़ी पारी खेल सके जिन्होंने खुद को मिले जीवनदान का फायदा उठाया और अर्धशतक लगाने में सफल रहे। गुजरात की बल्लेबाजी इस कदर खराब रही कि टीम के आधे बल्लेबाज 100 से भी कम के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। गुजरात का शीर्ष क्रम उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है, लेकिन इस मैच में शीर्ष तीन बल्लेबाज फ्लॉप साबित रहे। सुंदर 37 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 50 रन बनाकर नाबाद रहे। गुजरात के चार बल्लेबाज तो दहाई अंक तक ही नहीं पहुंच सके। आरसीबी की ओर से रासिख सलाम डार ने तीन विकेट झटके, जबकि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड को दो-दो विकेट मिले। वहीं, क्रुणाल पांड्या को एक विकेट मिला।
साभार अमर उजाला

