लाल किला ब्लास्ट: UN रिपोर्ट का दावा—AQIS ने रची थी साजिश, छोटे मॉड्यूल्स के जरिए बढ़ा रहा दायरा
नई दिल्ली. दिल्ली के लाल किला इलाके में नवंबर 2025 में हुए आतंकी हमले को लेकर संयुक्त राष्ट्र की ताजा रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की प्रतिबंध समिति की निगरानी टीम ने रिपोर्ट तैयार की है. रिपोर्ट में अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट यानी AQIS को लाल किला हमले के पीछे जिम्मेदार संगठन बताया गया है.
रिपोर्ट 16 दिसंबर 2025 से 9 जून 2026 तक की गतिविधियों पर आधारित है. अगस्त 2026 में सुरक्षा परिषद के सामने रखी गई है. यह रिपोर्ट इसलिए अहम है क्योंकि इससे पहले फरवरी में सामने आई संयुक्त राष्ट्र की पिछली रिपोर्ट में लाल किला धमाके को जैश-ए-मोहम्मद से जोड़ने वाली जानकारी का भी जिक्र हुआ था. इस हमले में 11 लोगों की मौत हो गई थी.
भारत में इस मामले की जांच नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी NIA कर रही है. NIA ने मई 2026 में लाल किला इलाके में हुए कार बम धमाके के मामले में 10 आरोपियों के खिलाफ 7,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी. एजेंसी के मुताबिक, सभी आरोपी अल-कायदा से जुड़े अंसार गजवत-उल-हिंद यानी AGuH के मॉड्यूल से जुड़े थे.
NIA ने इसे AQIS यानी अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट से जुड़ा संगठन बताया है. जांच में सामने आया कि आरोपी आतंकी हमले की तैयारी कर रहे थे और IED, रॉकेट आधारित विस्फोटक और ड्रोन से जुड़े प्रयोग भी किए गए थे.
संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में AQIS के बदलते तौर-तरीकों को लेकर भी चिंता जताई गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, संगठन अब बड़े और आसानी से पहचाने जाने वाले समूहों के बजाय छोटे-छोटे सेल और बिखरे हुए नेटवर्क के जरिए अपनी गतिविधियां बढ़ाने की कोशिश कर रहा है.
साभार आज तक

