क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहनगर का किया निरीक्षण
मरीजों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की ली जानकारी
साहिल खान
शहडोल। शहडोल एवं रीवा संभाग के क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा डॉ. जी.एस. परिहार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहनगर का निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवा वितरण, साफ-सफाई, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।
क्षेत्रीय संचालक ने अस्पताल प्रबंधन एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई, आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. परिहार ने एनीमिया की जांच, मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, गर्भवती महिलाओं की नियमित एवं विशेष जांच तथा बच्चों के नियमित टीकाकरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए।
क्षेत्रीय संचालक ने अस्पताल में उपचाररत मरीजों से भी संवाद किया और उनसे अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार, दवा वितरण तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर निगरानी करते हुए मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

