एलॉन मस्क के आरोपों पर रिलायंस का पलटवार: स्टारलिंक का स्वागत है, पर नियम सबके लिए बराबर हों
नई दिल्ली. अमेरिकी उद्योगपति एलॉन मस्क की कंपनी स्टारलिंक (Starlink) को भारत में मंजूरी मिलने को लेकर चल रही बहस के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपना पक्ष रखा है. कंपनी ने कहा है कि वह भारत में सैटेलाइट इंटरनेट के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा का स्वागत करती है. इसमें स्टारलिंक भी शामिल है. हालांकि, रिलायंस ने यह भी स्पष्ट किया कि इस क्षेत्र में काम करने वाली हर कंपनी को भारत के कानूनों और मौजूदा नियमों का पालन करना होगा.
रिलायंस का यह बयान स्पेसएक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एलॉन मस्क की उन टिप्पणियों के बाद आया है, जिनमें उन्होंने आरोप लगाया था कि भारत में कुछ कारोबारी हित स्टारलिंक की सेवाओं की शुरुआत में बाधा डाल रहे हैं. मस्क ने अंबानी और भारतीय टेलीकम्युनिकेशन इंडस्ट्री में प्रतिस्पर्धा को लेकर भी सवाल उठाए थे. रिलायंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा, 'हमने कभी प्रतिस्पर्धा से डर महसूस नहीं किया. हम इसे इस बात की सबसे बड़ी कसौटी मानते हैं कि ग्राहकों को सबसे अच्छी सेवा कौन देता है.'
रिलायंस ने अपने टेलीकम्युनिकेशन बिजनेस 'जियो प्लेटफॉर्म्स' का उदाहरण देते हुए कहा कि कंपनी ने साल 2016 में भारत के टेलीकम्युनिकेशन मार्केट में कदम रखा था. उस समय उसके पास एक भी ग्राहक नहीं था. रिलायंस के मुताबिक, 10 साल में जियो के ग्राहकों की संख्या 53 करोड़ से अधिक हो गई है. कंपनी ने दावा किया कि जियो ने भारतीय नागरिकों को बेहतर डिजिटल सुविधाएं और दुनिया में सबसे सस्ते मोबाइल डेटा तक पहुंच उपलब्ध कराने में योगदान दिया है.
साभार आज तक

