छपरा में राहत सामग्री बनी आफत: हेलिकॉप्टर से गिरा राशन का पैकेट, सीने पर लगने से बुजुर्ग की मौत

  • Share on :

छपरा. ऊपर हेलिकॉप्टर उड़ रहा था. नीचे बाढ़ में फंसे लोग उसका इंतजार कर रहे थे. किसी को खाने का पैकेट चाहिए था, किसी को पानी, किसी को बस यह भरोसा कि मुश्किल वक्त में कोई उनकी मदद के लिए पहुंचा है. फिर अचानक आसमान से राहत के पैकेट गिरने लगे. परशुरामपुर गांव में लोग उन्हें पकड़ने और उठाने की कोशिश कर रहे थे. इसी बीच एक पैकेट 60 साल के अनिल कुमार सिंह के ऊपर आ गिरा.
अनिल संभल पाते, उससे पहले एक और पैकेट उनके ऊपर गिरा. परिवार का कहना है कि कुछ पैकेट उनके सीने पर भी आ गिरे. कुछ ही देर पहले तक जो आदमी बैठा था, वह जमीन पर गिर चुका था. और फिर गांव में अफरा-तफरी मच गई. अनिल कुमार सिंह उर्फ अप्पू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. 
यह कहानी बिहार के सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव की है. वही गांव, जहां इन दिनों बाढ़ की वजह से जिंदगी सामान्य नहीं है. सड़कें पानी में डूबी हैं. कई इलाके मुख्य रास्तों से कट गए हैं. ऐसे में लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए हेलिकॉप्टर का सहारा लिया जा रहा है. 
नेपाल से आई बाढ़ का असर सारण जिले के कई इलाकों में है. मकेर, अमनौर और परसा समेत कई प्रखंड प्रभावित बताए जा रहे हैं. कई गांवों की हालत ऐसी है कि वे चारों तरफ पानी से घिरकर टापू जैसे हो गए हैं. जब सड़क से जाना मुश्किल हो जाए तो राहत पहुंचाने का रास्ता क्या बचता है? हवाई रास्ता. इसी वजह से वायु सेना के हेलिकॉप्टर की मदद से बाढ़ प्रभावित इलाकों में सूखा राशन पहुंचाया जा रहा था.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper