राष्ट्रीय राजमार्ग के नीचे पुलिया की मांग, वार्डवासियों ने प्रशासन से लगाई गुहार

  • Share on :

महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की परेशानी को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे सैकड़ों नागरिक — NHAI प्रोजेक्ट मैनेजर ने दिया रास्ता बनाने का भरोसा
रिपोर्टर महेंद्र मिश्रा
करैरा। नगर के वार्ड क्रमांक 14 में राष्ट्रीय राजमार्ग के राईन मार्केट की ओर रहने वाले सैकड़ों रहवासियों की आवाज अब प्रशासन के दरवाजे तक पहुंच गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कारण वार्डवासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजमार्ग पार करने के लिए उन्हें करीब दो किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को रोजमर्रा के आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी समस्या को लेकर शुक्रवार को बड़ी संख्या में वार्डवासी, महिलाएं, बच्चे एवं समाजसेवी बाल गोविंद शिवहरे तथा वार्ड पार्षद दिनेश पाल के नेतृत्व में अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसडीएम अनुपम शर्मा को आवेदन सौंपते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माणाधीन ओवरब्रिज के नीचे से वार्डवासियों के सुगम आवागमन के लिए पुलिया अथवा सुरक्षित रास्ता बनाए जाने की मांग की।
वार्डवासियों का कहना है कि यदि ओवरब्रिज के नीचे से पैदल एवं स्थानीय आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध नहीं कराया गया तो लोगों को रोजाना लंबा चक्कर लगाकर राजमार्ग पार करना पड़ेगा। इससे समय और श्रम की बर्बादी के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहेगी।
NHAI ने मौके पर दिया आश्वासन
वार्डवासियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौके पर उपस्थित NHAI के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रदीप भट्ट ने स्थल का निरीक्षण किया और नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी आवागमन संबंधी समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने ओवरब्रिज निर्माण कार्य में लगे इंजीनियरों को निर्देशित करते हुए कहा कि वार्डवासियों के आवागमन के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माणाधीन ओवरब्रिज के नीचे से रास्ता उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए।
NHAI अधिकारियों के आश्वासन के बाद वार्डवासियों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान जल्द हो सकेगा।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper