न्यायालय के आदेश का सम्मान कर जल्द कराए जाएं प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव: एनएसयूआई जिलाध्यक्ष समीर खान
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी। छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर एनएसयूआई जिला अध्यक्ष समीर खान ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर सरकार से जल्द प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को माननीय न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए शीघ्र चुनाव प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए, ताकि छात्रों को अपने लोकतांत्रिक प्रतिनिधि चुनने का अधिकार मिल सके।
समीर खान ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर छात्रसंघ चुनाव कराने से बच रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को डर है कि छात्र राजनीति के माध्यम से नए, जमीनी और मजबूत युवा नेतृत्व का उदय होगा। उन्होंने छात्रसंघ चुनाव को लोकतंत्र की पहली पाठशाला बताते हुए कहा कि देश और प्रदेश के कई बड़े नेता छात्र राजनीति से निकलकर आगे बढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के कारण कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्रों की समस्याओं का प्रभावी प्रतिनिधित्व नहीं हो पा रहा है। छात्रों की आवाज को लोकतांत्रिक मंच नहीं मिल रहा, जिससे छात्र हित प्रभावित हो रहे हैं।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार न्यायालय के आदेश के बावजूद जल्द प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव कराने की घोषणा नहीं करती है, तो एनएसयूआई कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे और प्रदेशभर में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन तेज किया जाएगा।
उन्होंने सरकार से मांग की कि छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द छात्रसंघ चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया जाए।

