देवी अहिल्याबाई होलकर फल एवं सब्जी मंडी प्रांगण चोइथराम मंडी में रिक्शा चालकों ने लगाया मारपीट का आरोप, कुछ देर बना तनाव का माहौल
पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। देवी अहिल्या बाई होल्कर फल एवं सब्जी मंडी (चोइथराम मंडी) में शुक्रवार सुबह रिक्शा चालकों और मंडी कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। घटना के बाद मंडी परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई और रिक्शा चालकों ने विरोध जताते हुए हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, 7 मई 2026 को सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच मंडी परिसर में पेट्रोलिंग के दौरान मंडी कर्मचारी अंतर सिंह सिसोदिया एवं संजय यादव पर सवारी रिक्शा चालक विशाल चौहान और उसके साथियों के साथ अभद्रता एवं मारपीट करने के आरोप लगे। घटना के बाद बड़ी संख्या में रिक्शा चालक मंडी परिसर में एकत्रित हो गए, जिससे कुछ देर के लिए चक्का जाम जैसे हालात बन गए।
मामले की सूचना मिलने पर बलाई समाज के प्रदेश महामंत्री संतोष अलोन भी मंडी पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार को रिक्शा चालकों द्वारा फोन कर मंडी कर्मचारियों पर मारपीट के आरोप लगाए गए थे। इसके बाद समाज के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और मंडी सचिव से संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की।
वहीं मंडी सचिव ओ.पी. खेड़े ने बताया कि मामले की शिकायत मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारियों को हटा दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ दिन पूर्व रिक्शा चालक नितिन लोधी द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसकी शिकायत संबंधित थाने में दर्ज कराई गई है।
चोइथराम मंडी व्यापारी संघ के ओम प्रकाश परीड़वाल ने कहा कि मंडी परिसर में सवारी रिक्शाओं के कारण कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। हालांकि उन्होंने मंडी सचिव ओ.पी. खेड़े की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि मंडी की किसी भी समस्या पर वे स्वयं मौके पर पहुंचकर लोगों की बात सुनते हैं।
फिलहाल पुलिस और मंडी प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।

