20वें ओवर के 'सिक्सर किंग' बनने की दहलीज पर रिंकू, बस एक हिट और टूट जाएगा दिग्गज का रिकॉर्ड

  • Share on :

नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज यानी 23 जनवरी को रायपुर के शहीद वीर नरायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। नागपुर में खेले गए पहले टी20 में भारत ने न्यूजीलैंड को 48 रन से हराया था। भारत ने टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए कीवी टीम को 239 रन का टारगेट दिया था। इसके बाद न्यूजीलैंड को 190 रन पर ही रोक दिया था। पहले टी20 में रिंकू सिंह ने दमदार बल्लेबाजी की थी। वहीं अब दूसरे टी20 में भी वह दिग्गज एमएस धोनी का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
भारत के लिए टी20 फॉर्मेट में 20वें ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड हार्दिक पंड्या के नाम है। उन्होंने 15 छक्के लगाए हैं। हालांकि, अब इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर संयुक्त रूप से एमएस धोनी के साथ रिंकू सिंह आ गए हैं। दोनों खिलाड़ियों के नाम 12-12 छक्के हैं। अब अगर रायपुर टी20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 20वें ओवर में रिंकू सिंह एक भी छक्का लगा देंगे तो वह इस मामले में एमएस धोनी से आगे निकल जाएंगे और भारत के लिए 20वें ओवर में टी20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे।
रिंकू सिंह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 में 220 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी। उन्होंने 20 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाए थे। रिंकू ने अपनी पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए थे। 20वें ओवर में उन्होंने 2 छक्के लगाए थे। 28 साल के रिंकू सिंह ने भारत के लिए 2023 में वनडे और टी20 में डेब्यू किया था। उसके बाद से अब तक उन्होंने 2 वनडे और 36 टी20 मुकाबले भारत के लिए खेले हैं। वनडे में रिंकू ने 55 रन ही बनाए हैं। टी20 में उन्होंने 165 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 594 रन ठोके हैं। उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 3 फिफ्टी ठोकी हैं।
साभार नवभारत टाइम्स 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper