रिंकू सिंह का 'फिनिशर' अवतार: मुश्किल में फंसी केकेआर को मिली पहली जीत, अनुकूल के साथ मिलकर राजस्थान को चटाई धूल

  • Share on :

कोलकाता। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने राजस्थान रॉयल्स को चार विकेट से हराकर आईपीएल 2026 में अपनी पहली जीत दर्ज की। केकेआर के लिए मौजूदा सीजन अच्छा नहीं रहा है, लेकिन रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय ने सातवें विकेट के लिए दमदार साझेदारी कर केकेआर के लिए जीत का खाता खोला। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 155 रन बनाए। जवाब में केकेआर ने 19.4 ओवर में छह विकेट पर 161 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। 
लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की बल्लेबाजी बेहद खराब रही और टीम ने 85 रन के स्कोर पर छह विकेट गंवा दिए थे। जोफ्रा आर्चर ने पहली ही गेंद पर टिम सीफर्ट को पवेलियन की राह दिखाई और फिर नांद्रे बर्गर ने दूसरे ओवर में कप्तान अजिंक्य रहाणे को अपना शिकार बनाया। केकेआर को दोनों सलामी बल्लेबाज खाता तक नहीं खोल सके। इसके बाद टीम ने कैमरन ग्रीन (27), अंगकृष रघुवंशी (10), रोवमैन पॉवेल (23) और रमनदीप सिंह (10) के विकेट नियमित अंतराल पर ही गंवा दिए। उस वक्त केकेआर की टीम मुश्किल में नजर आ रही थी। 
रिंकू सिंह मौजूदा सीजन में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, लेकिन आज सही समय पर उनके बल्ले से रन निकले। रिंकू केकेआर में फिनिशर की भूमिका के लिए जाने जाते हैं और राजस्थान के खिलाफ वह ऐसा करने में सफल भी रहे। छह विकेट गिरने के बाद रिंकू सिंह ने अनुकूल रॉय के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 37 गेंदों पर 76 रनों की अविजित साझेदारी की। यह आईपीएल में सफल रन चेज में सातवें या इससे निचले क्रम के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। इस मामले में शीर्ष पर एबी डिविलिरयर्स और इकबाल अब्दुल्लाह की जोड़ी है जिन्होंने 2016 में आरसीबी के लिए खेलते हुए गुजरात लायंस के खिलाफ 91 रनों की अविजित साझेदारी की थी। 
केकेआर के लिए रिंकू सिंह ने अर्धशतक लगाया और टीम को जीत दिलाकर ही पवेलियन लौटे। केकेआर के लिए रिंकू सिंह ने 34 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 53 रन बनाए। यह केकेआर की ओर से सफल रन चेज में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए चौथा सर्वोच्च स्कोर है। वहीं, अनुकूल 16 गेंदों पर एक चौका और दो छक्के की मदद से 29 रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान की ओर से रवींद्र जडेजा को दो विकेट मिले, जबकि जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और यश राज पूंजा को एक-एक विकेट मिले। 
इससे पहले, राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। राजस्थान को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले में केकेआर को कोई सफलता हासिल नहीं करने दी और पहले विकेट के लिए 81 रन जोड़े। राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने शानदार बल्लेबाजी की, जबकि उनके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। 
वैभव ने 28 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 46 रन बनाए, जबकि यशस्वी 29 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए। इन दोनों के अलावा शिमरॉन हेत्मायर (12) और रियान पराग (12) की दहाई अंक तक पहुंच सके। राजस्थान हालांकि, चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रहा, लेकिन रिंकू और अनुकूल ने उनके मुंह से जीत छीन ली। केकेआर के लिए कार्तिक त्यागी और वरुण चक्रवर्ती ने तीन-तीन विकेट झटके। वहीं, सुनील नरेन को दो विकेट मिले। 
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper