अवैध उत्खनन से उजड़ रही नदियां नहीं थम रहा रेत का कारोबार ढीमरखेड़ा  क्षेत्र में रेत भरी ट्रैक्टर ट्राली जप्त कई जगह उत्खनन जारी कार्यवाही के नाम पर दिखावा

  • Share on :

कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर कुशवाहा 
कटनी। ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रेत सहित जब्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 अप्रैल को मुखबिरों से सूचना मिली कि महानदी के मोहदी घाट पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और एक नीले रंग के बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली को रेत से भरा हुआ पकड़ा। मौके पर चालक राम विशाल कोल निवासी ग्राम महोदा को पुलिस ने गिरफ्तार किया। चालक रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में ट्रैक्टर का स्वामी विनोद रजक, निवासी महोदा होना सामने आया है। पुलिस ने ट्रैक्टर.ट्रॉली को जब्त कर खनिज अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने कहा कि क्षेत्र में रेत माफियाओं और अवैध उत्खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक सुबच्चन यादव, आरक्षक पंकज, डूमन एवं गंधर्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसी तरह बड़वारा पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए ग्राम परसेल में ट्रेक्टर ट्राली को जप्त किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि 6 अपै्रल को भ्रमण के दौरान ग्राम परसेल में रेत परिवहन के संबंध में ग्राम भुड़सा में मुखबिर द्वारा सूचना मिली। जिस पर ग्राम भुड़सा में तालाब के पास रेत लोड ट्रैक्टर ट्राली मिली। चालक दीपक कोल के पास गाड़ी चलाने का लायसेंस एवं ट्रैक्टर ट्राली में भरी रेत के दस्तावेज नहीं मिले। ट्रैक्टर ट्राली को थाना परिसर में खड़ा किया जाकर कार्यवाही की गई।

जीवनदायनी नदियों का सीना चीरकर निकाली जा रही रेत जीवजंतुओं को भी खतरा राजस्व को भी नुकसान
 जीवन दायिनी नदिय हमें जीवन देती हैं उनकी आगोश में जीव जंतु भी अपना भरण पोषण करते हैं लेकिन अब ऐसा समय आ गया है की प्रकृति के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और किसी को कोई परवाह ही नहीं है  लोग पैसे की दौड़ और लग्जरी लाइफ जीने के लिए आतुर हैं इसी कड़ी में बरही क्षेत्र में अवैध रेत खनन एक बार फिर सुर्खियों में है। प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं, जबकि नदियों से खुलेआम रेत का उत्खनन जारी है।
 सूत्रों केअनुसार बरही तहसील के कई ग्रामीण इलाकों में अवैध रेत खनन धड़ल्ले से जारी है। जाजागढ़, जगुआ, करेला, सलैया सिहोरा, ताली रोहनिया, सुतरी, नदावन, छिंदहाई पिपरिया और बहिरघटा जैसे क्षेत्रों की नदियों से दिनदहाड़े रेत निकाली जा रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि रेत माफिया बेखौफ होकर नदी की धारा से रेत निकाल रहे हैं और बड़े पैमाने पर उसका भंडारण कर आसपास के क्षेत्रों में बिक्री कर रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है की 
"यहां खुलेआम रेत निकाली जा रही है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही।"
स्थानीय लोगों ने पुलिस, राजस्व, खनन और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि संबंधित विभागों की मिलीभगत से यह अवैध कारोबार लंबे समय से फल-फूल रहा है।
अवैध खनन से शासन को भारी राजस्व नुकसान हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
अब सवाल यह है कि आखिर कब प्रशासन इस अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई करेगा, या फिर यूं ही नियमों की अनदेखी जारी रहेगी। हालांकि प्रशासन का कहना है की सूचना मिलने पर कार्यवाही की जाती है लेकिन यह कार्यवाही ना के बराबर होती है ग्रामीण बताते हैं  मजबूत कार्यवाही की जरूरत है जिससे नदियों को बचाया जा सके और जीव जंतु भी खतरे से बाहर रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper