सड़क के एक्सपेंशन जॉइंट से बढ़ा हादसों का खतरा, दोपहिया वाहन चालक हो रहे दुर्घटनाग्रस्त

  • Share on :

ग्राम पंचायत बांक के सरपंच शोहराब पटेल ने एनएचएआई से तत्काल मरम्मत एवं समतलीकरण की मांग की
आदित्य शर्मा

बांक। ग्राम पंचायत बांक क्षेत्र से होकर गुजरने वाले मार्ग पर सड़क के एक्सपेंशन जॉइंट की खराब एवं असमान स्थिति वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थान दुर्घटना का संभावित कारण बनता जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क के बीच स्थित एक्सपेंशन जॉइंट कई स्थानों पर उभरा हुआ तथा असमान हो गया है। तेज गति से गुजरने वाले दोपहिया वाहनों के पहिए जब इन असमान हिस्सों से टकराते हैं तो वाहन का संतुलन बिगड़ने की आशंका रहती है। कई बार चालक गिरकर दुर्घटनाग्रस्त भी हो रहे हैं। सड़क के मध्य स्थित डिवाइडर के कारण ऐसी स्थिति में गंभीर चोट लगने का खतरा भी बना रहता है।

रात के समय बढ़ जाता है खतरा

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रात के समय एक्सपेंशन जॉइंट की स्थिति स्पष्ट दिखाई नहीं देने के कारण दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क की इस तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान आवश्यक है।

सरपंच शोहराब पटेल ने की तत्काल कार्रवाई की मांग

ग्राम पंचायत बांक के सरपंच शोहराब पटेल ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कराया जाए। साथ ही एक्सपेंशन जॉइंट की तकनीकी स्थिति की जांच कर आवश्यक मरम्मत एवं समतलीकरण का कार्य शीघ्र कराया जाए।

सरपंच शोहराब पटेल ने कहा कि “आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी बड़ी दुर्घटना के होने से पहले एनएचएआई को इस समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक सुधार कार्य कराना चाहिए।”

ग्राम पंचायत की ओर से एनएचएआई एवं संबंधित अधिकारियों से जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक्सपेंशन जॉइंट की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की गई है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और राहगीरों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper