रूस का कीव पर भीषण हवाई हमला: मिसाइलों और ड्रोन की बारिश से दहली यूक्रेन की राजधानी, भारी तबाही
कीव। यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस ने एक बार फिर घातक हवाई हमला किया है। रविवार की रात रूस ने मिसाइलों और ड्रोन से कीव को निशाना बनाया। इस जोरदार हमले से पूरा शहर थर्रा उठा। सरकारी दफ्तरों, रिहायशी इमारतों और स्कूलों के पास एक के बाद एक कई शक्तिशाली धमाके हुए।
स्थानीय अधिकारियों के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, इस हमले में कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं। रातभर हवाई हमले के सायरन बजते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों और पत्रकारों ने शहर के मध्य हिस्से में बेहद तेज विस्फोटों की आवाजें सुनीं। सूरज उगने तक यह हमला जारी था और अधिकारियों ने आशंका जताई है कि कीव की तरफ अभी और मिसाइलें व ड्रोन्स बढ़ रहे हैं।
कीव सैन्य प्रशासन के प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने टेलीग्राम पर बताया कि राजधानी के कम से कम नौ जिलों में भारी तबाही दर्ज की गई है। रिहायशी इमारतों को सीधा नुकसान पहुंचा है। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को के अनुसार, शेवचेंको जिले में एक स्कूल की इमारत हमले की चपेट में आ गई। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि धमाके के वक्त लोग उसी स्कूल के अंदर बने बंकर में शरण लिए हुए थे। इसके अलावा पूरे शहर में कई सुपरमार्केट और गोदाम भी तबाह हो गए हैं। क्षेत्रीय गवर्नर मायकोला कलाशनिक ने कहा कि कीव के आसपास के कई अन्य इलाकों में भी भारी नुकसान हुआ है।
साभार अमर उजाला

