गोकलपुर में संघ का शताब्दी वर्ष संचलन: राष्ट्रभक्ति की गूंज से गूंजा मंडल
देपालपुर से दरबार सिंह ठाकुर
देपालपुर गोकलपुर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में गोकलपुर मंडल में भव्य संचलन का आयोजन किया गया, जिसने पूरे गांव को राष्ट्रभक्ति और अनुशासन की भावना से सराबोर कर दिया।
सैकड़ों स्वयंसेवकों की भागीदारी
इस ऐतिहासिक संचलन में गोकलपुर मंडल के विभिन्न शाखाओं से सैकड़ों स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में भाग लिया। बैंड की गूंज, कदमताल की लय और भगवा ध्वज की शान ने वातावरण को गौरवमयी बना दिया।
संचलन के पश्चात आयोजित सभा में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने संघ के 100 वर्षों की यात्रा, समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण पर प्रकाश डाला। युवाओं को संघ के कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया गया।
गोकलपुर की गलियों में पथ संचलन के स्वागत हेतु नागरिकों ने पुष्पवर्षा की संघ गीतों की धुनों पर भावविभोर हुए। यह आयोजन न केवल संघ के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक समरसता और राष्ट्रप्रेम का संदेश भी दिया।
गोकलपुर मंडल का यह संचलन संघ के शताब्दी वर्ष की स्मृति में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है। स्थानीय प्रशासन और समाज के सभी वर्गों ने इसकी सराहना की।

