संजू सैमसन का धमाका: सीएसके ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से रौंदा, सैमसन-कार्तिक की शतकीय साझेदारी

  • Share on :

नई दिल्ली। संजू सैमसन के नाबाद अर्धशतक और कार्तिक शर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए हुई 114 रनों की अविजित साझेदारी के दम पर सीएसके ने दिल्ली कैपिटल्स को आठ विकेट से हराया। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 155 रन बनाए। जवाब में सीएसके ने 17.3 ओवर में दो विकेट पर 159 रन बनाकर जीत दर्ज की। सीएसके की जीत के हीरो सैमसन रहे जिन्होंने 52 गेंदों पर सात चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 87 रन बनाए। उन्हें कार्तिक शर्मा का अच्छा साथ मिला जो 31 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 41 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली के लिए अक्षर पटेल और लुंगी एनगिडी को एक-एक विकेट मिला। 
सीएसके की शुरुआत इस सीजन अच्छी नहीं रही थी, लेकिन अब उसने लगातार दूसरी और कुल पांचवीं जीत दर्ज कर ली है। सीएसके की टीम 10 मैचों में पांच जीत और पांच हार के साथ 10 अंक लेकर अंक तालिका में छठे स्थान पर है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स 10 मैचों में चार जीत और छह हार के साथ आठ अंक लेकर तालिका में सातवें नंबर पर मौजूद है। 
लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और उसने जल्द ही दो विकेट गंवा दिए थे। लुंगी एनगिडी ने पहले कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को आउट किया जो छह रन बनाकर आउट हुए। फिर अक्षर पटेल की गेंद पर उर्विल पटेल अपना विकेट गंवा बैठे। उर्विल ने 17 रन बनाए। सीएसके ने 45 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद सैमसन और कार्तिक शर्मा ने मोर्चा संभाला। पहले ये दोनों बल्लेबाज धीमी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन जैसे ही सैमसन ने अर्धशतक पूरा किया उन्होंने गियर बदला और तेजी से खेलना शुरू कर दिया। सैमसन ने लगातार बड़े शॉट्स लगाकर दिल्ली के गेंदबाजों पर दबाव बनाया। सैमसन हालांकि, शतक नहीं लगा सके क्योंकि मैच पहले ही फिनिश हो गया। 
इससे पहले, दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। दिल्ली की शुरुआत हालांकि खराब रही और टीम ने नियमित अंतराल पर विकट गंवाए। पहले बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद पाथुम निसांका ने हुसैन के खिलाफ दो चौके जड़ने के बाद चौथे ओवर में चौधरी की लगातार गेंदों पर चौका और लेग साइड में स्कूप शॉट पर छक्का लगाया। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने हालांकि ओवर की आखिरी गेंद पर निसंका को पवेलियन की राह दिखाकर सुपरकिंग्स को पहली सफलता दिलाई। पारी के छठे ओवर में हुसैन के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में केएल राहुल गेंद को हवा में लहरा बैठे और गायकवाड़ ने आसान कैच लपका। करुण नायर ने अगले दो ओवरों में अंशुल कंबोज और नूर अहमद के खिलाफ आत्मविश्वास से भरे चौके के साथ टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया, लेकिन शॉर्ट फाइन लेग पर खड़े गुरजपनीत सिंह को आसान कैच देकर पवेलियन लौट गए। नीतीश राणा भी नूर के खिलाफ चौका जड़ने के बाद स्वीप शॉट खेलने की कोशिश में डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर खड़े कर्तिक शर्मा के हाथों कैच आउट हो गए। कप्तान अक्षर पटेल का खराब फॉर्म जारी रहा जिससे दिल्ली ने 11 ओवर में 69 रन तक पांच विकेट गंवा दिए।
आधी टीम के पवेलियन लौटने के बाद ट्रिस्टन स्टब्स और इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे समीर रिजवी ने मोर्चा संभाला। स्टब्स और समीर रिजवी के बीच छठे विकेट के लिए 47 गेंदों में 65 रन की साझेदारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सका। रिजवी ने 16वें ओवर में चौधरी के खिलाफ एक रन चुराकर टीम के रनों का शतक पूरा किया और फिर छक्का जड़कर अपने आक्रामक तेवर दिखाने शुरू किए। स्टब्स और रिजवी की साझेदारी के बाद आशुतोष शर्मा की पांच गेंदों में दो छक्के जड़ित 14 रन की पारी से धीमी पिच पर प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। रिजवी ने 24 गेंदों पर चार छक्कों की मदद से नाबाद 40 रन बनाए। वहीं, स्टब्स ने 31 गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाए। इन दोनों के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। सीएसके की ओर से नूर अहमद ने दो विकेट लिए, जबकि अकील हुसैन, मुकेश चौधरी, गुरजपनीत सिंह और जैमी ओवरटन को एक-एक विकेट मिला।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper