सरदार पटेल की 151वीं जयंती: पीएम मोदी ने 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' पर दी श्रद्धांजलि, देश भर में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर गुजरात के एकता नगर स्थित 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' पर पुष्पांजलि अर्पित की। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश की एकता और अखंडता में उनके योगदान को याद किया। पार्टी ने इस अवसर पर लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर एक पोस्ट कर लिखा, "अखंड भारत के प्रणेता देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर सादर नमन। उन्होंने एक सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारत के निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। मां भारती की सेवा में उनका त्याग और समर्पण विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए बहुत बड़ा प्रेरणास्रोत है।"
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में पटेल को आधुनिक भारत का शिल्पकार और राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि पटेल के साहस और दूरदर्शिता ने देश की नींव को मजबूत किया।
शाह ने कहा, "अपने अदम्य साहस और दूरदर्शिता से सरदार साहब ने रियासतों में बंटे देश को एकजुट किया और एक मजबूत भारत की नींव रखी। अखिल भारतीय सेवाओं की स्थापना करके उन्होंने देश की प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूत आधार प्रदान किया।''
उन्होंने खेड़ा और बारडोली सत्याग्रह के माध्यम से किसानों के अधिकारों के लिए पटेल के संघर्ष को भी याद किया और इसे जनसेवा एवं नेतृत्व का अद्वितीय उदाहरण बताया। शाह ने कहा कि पटेल का त्याग, समर्पण और देशभक्ति प्रत्येक नागरिक को 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करती रहेगी।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश के लिए उनके कार्य आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। गडकरी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि भारत रत्न से सम्मानित और देश की एकता एवं अखंडता के प्रतीक पटेल ने आधुनिक भारत के शिल्पकार के रूप में दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति का परिचय दिया।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

