केंद्रीय विद्यालय झिंझरी में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न, शैक्षणिक गुणवत्ता और विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा

  • Share on :

कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर 
कटनी । केंद्रीय विद्यालय झिंझरी में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक शनिवार को समिति के मनोनीत अध्यक्ष एवं एसडीएम कटनी श्री प्रमोद चतुर्वेदी एवं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. नवल किशोर पचौरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में समिति के सभी सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने मधुर स्वागत-गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का आत्मीय अभिनंदन किया।

पिछली बैठक के कार्यों की समीक्षा
बैठक के दौरान पिछली बैठक में निर्धारित एजेंडा बिंदुओं पर हुई कार्यवाही एवं उनके क्रियान्वयन का विस्तृत प्रतिवेदन शिक्षक श्री अमित कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया। मनोनीत अध्यक्ष एवं समिति के सदस्यों ने इस पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुझाव भी दिए।

शैक्षणिक गुणवत्ता एवं संसाधनों पर मंथन
बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था, भौतिक संसाधनों के सुदृढ़ीकरण एवं अन्य विकासात्मक विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नवाचार अपनाने पर जोर दिया।

नवीन भवन निर्माण और पुस्तकालय स्थापना पर चर्चा
विद्यालय के नवीन भवन निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए समृद्ध पुस्तकालय की स्थापना हेतु आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के संबंध में पुस्तकालयाध्यक्ष श्री अमित ठाकुर के साथ विस्तृत चर्चा की गई।

सदस्यों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
विद्यालय प्रबंधन समिति के सभी सदस्यों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं विद्यार्थियों के हित में कई रचनात्मक सुझाव प्रस्तुत किए। प्राचार्य डॉ. नवल किशोर पचौरी ने आश्वस्त किया कि सभी विकासात्मक कार्य पूर्ण पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ समयसीमा में पूर्ण किए जाएंगे। बैठक का संचालन सुश्री मानिका विष्णोई द्वारा सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से किया गया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper