नगर निगम में पार्षदों की उपेक्षा का फूटा गुस्सा वरिष्ठ पार्षद मिथिलेश जैन मुंह में काली पट्टी बांधकर पहुंचे सदन

  • Share on :

कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर कुशवाहा 
 कटनी।  निगम परिषद की बैठक हंगामे और विरोध के बीच बिना किसी ठोस निष्कर्ष के स्थगित कर दी गई। बैठक की शुरुआत से ही माहौल गरम रहा, जब वरिष्ठ पार्षद मिथलेश जैन एडवोकेट मुंह पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताते हुए शामिल हुए। निगम अध्यक्ष मनीष पाठक के अनुरोध पर उन्होंने पट्टी हटाई, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने पार्षदों के प्रस्तावों की अनदेखी और जनप्रतिनिधियों के साथ भेदभाव के गंभीर आरोप लगाए। बैठक के दौरान सबसे प्रमुख मुद्दा राजीव गांधी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का रहा। मिथलेश जैन ने आरोप लगाया कि पिछली बैठक में निर्णय होने के बावजूद इस विषय को एजेंडे में शामिल नहीं किया गया। इस पर पार्षद राजेश भास्कर, मौसूफ अहमद और गोविंद चावला ने भी समर्थन करते हुए इसे एजेंडे में शामिल करने की मांग की। अध्यक्ष द्वारा आयुक्त से जवाब मांगे जाने पर संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यह विषय इस बैठक में शामिल होना चाहिए था। हंगामे और विवाद के चलते बैठक में नगर निगम का बजट प्रस्तुत नहीं हो सका और इस पर कोई चर्चा भी नहीं हो पाई, जिसके चलते बैठक को स्थगित करना पड़ा। बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उपयंत्री शैलेंद्र प्यासी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। साथ ही उनके अन्य नगरीय निकाय में स्थानांतरण की अनुशंसा भी की गई। पार्षदों ने उनके कार्य को असंतोषजनक बताते हुए दुर्व्यवहार के आरोप लगाए, जिसका कई पार्षदों और एमआईसी सदस्यों ने समर्थन किया। महापौर की अनुपस्थिति में हुई इस बैठक में कई पार्षदों ने अन्य विषयों पर भी पत्र प्रस्तुत किए। अब इन सभी मुद्दों और अधूरे एजेंडे पर चर्चा आगामी बैठक में किए जाने की संभावना है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper