BSF मुख्यालय के पास सिलसिलेवार ब्लास्ट से कांपा पंजाब; खालिस्तानी आतंकी साजिश का शक
चंडीगढ़. पंजाब के जालंधर और अमृतसर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के ठिकानों के पास एक के बाद एक दो धमाकों से इलाके दहल गए हैं. इनमें से एक धमाका सीमावर्ती राज्य में बीएसएफ मुख्यालय के बिल्कुल करीब हुआ. हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है और पूरे राज्य में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
पहला धमाका जालंधर के बीएसएफ चौक पर बीएसएफ मुख्यालय के पास हुआ, जब एक भीड़भाड़ वाले इलाके में खड़ी एक स्कूटर में धमाका हो गया.
चश्मदीदों ने बताया कि ब्लास्ट के कुछ ही देर बाद स्कूटर में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
घटना के कुछ घंटों बाद, मंगलवार देर रात अमृतसर के खासा इलाके में बीएसएफ ठिकानों के पास स्थित एक आर्मी कैंप के बाहर दूसरा धमाका हुआ. शुरुआती शक के आधार पर माना जा रहा है कि मोटरसाइकिल पर सवार किसी हमलावर ने कथित तौर पर उस जगह पर ग्रेनेड फेंका था. यह इलाका अटारी-वाघा अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, माना जा रहा है कि दोनों हमलों के पीछे खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA) का हाथ है. यह एक सुनियोजित हमला है, जिसे पाकिस्तान की आईएसआई द्वारा समर्थित खालिस्तानी चरमपंथी समूह ने अंजाम दिया है. सूत्रों ने बताया कि आतंकवादी गतिविधियों में शामिल पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी पर भी इन दोनों धमाकों के पीछे होने का शक है. पाकिस्तानी गैंगस्टर अक्सर खालिस्तानी समूहों के साथ मिलकर काम करते हैं.
साभार आज तक

