रण ऑफ कच्छ से भुज लौट रहे सेना कर्मियों के परिवार की कार ट्रक से भिड़ी, 7 लोगों की मौत
कच्छ। गुजरात के कच्छ जिले में एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक और कार की टक्कर में सेना के सात परिजनों की जान चली गई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल थे। पुलिस ने रविवार को बताया कि यह दुर्घटना शनिवार रात करीब 10 बजे हुई। परिवार कच्छ के रण से भुज लौट रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी सात लोगों की मौके पर ही जान चली गई। मृतकों में तीन महीने की बच्ची भी शामिल थी। वाहनों की टक्कर इतनी भीषण थी कि शवों को निकालने में कई घंटे लगे।
जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल के निवासी थे और भुज में तैनात सेना कर्मियों के परिवार के सदस्य थे। मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), सविता (30), उनकी बेटी सिविका (तीन महीने), राजेश सिंह रावत (35), उनकी बेटी रक्षिता (7), रिंकी गोसाईं (30) और उनकी बेटी वामिका (चार साल) के रूप में हुई है।
साभार अमर उजाला

