दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में मौसम का रौद्र रूप: IMD ने जारी किया रेड और ऑरेंज अलर्ट, ओले गिरने की आशंका
नई दिल्ली। देश के विभिन्न राज्यों में मौसम में बड़ा उलटफेर होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले 48 घंटों के दौरान 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तबाही मचाने वाला तूफान आ सकता है। कई हिस्सों में ओले गिरने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही अपनी दैनिक पूर्वानुमान में आईएमडी ने मॉनसून के ताजा हालात के बारे में बताते हुए कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके अगले 2-3 दिनों में अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में दस्तक देने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली एनसीआर और हरियाणा में 28 मई को लू का हल्का असर रहेगा, लेकिन 29 मई को यहां मौसम रौद्र रूप ले सकता है। 29 मई को दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 80 से 100 किमी/घंटे की रफ्तार से विनाशकारी तूफान की प्रबल संभावना है। इस दौरान भारी बारिश और ओलावृष्टि की आशंका है। यह स्थिति 30 मई तक बनी रहेगी।
उत्तर प्रदेश की जानकारी देते हुए आईएमडी ने कहा है कि 28 मई को यहां धूल भरी आंधी और लू की संभावना है। लेकिन 29 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 80-100 किमी/घंटे और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 60-80 किमी/घंटे की रफ्तार से तूफान आने की आशंका अनुमान है। 28 और 29 मई को यूपी में ओले गिरने और 29 मई को पश्चिमी यूपी में भारी बारिश की चेतावनी है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

