शाहदरा डबल मर्डर: चेहरे पर चोट के निशान और कमरों में बिखरा खून, बुजुर्ग दंपती की हत्या से इलाके में दहशत
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के शाहदरा में बुजुर्ग दंपती के डबल मर्डर का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को दोनों के शव अलग-अलग कमरों में पड़े मिले। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान वीरेंद्र कुमार बंसल (75 साल) और उनकी पत्नी प्रवेश बंसल (65 साल) के रूप में हुई है।
दिल्ली पुलिस रविवार सुबह इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मानसरोवर पार्क थाने में रात 12.30 बजे एक पीसीआई कॉल आई। इसके बात जांच अधिकारी पुलिस स्टाफ के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां पीसीआर कॉल करने वाले वैभव बंसल ने बताया कि किसी ने उसके माता-पिता की हत्या कर दी है।
पुलिस टीम द्वारा जांच करने पर उस घर की तीसरी मंजिल पर स्थित दो अलग-अलग कमरों में दोनों बुजुर्गों लाशें मिलीं। पुलिस ने दोनों शवों को सुरक्षित रखने के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मृतक वीरेंद्र कुमार बंसल के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

