शहडोल पुलिस की अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 7 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त
साहिल खान
शहडोल। पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले में अवैध खनन, रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम रैयकरा स्थित समधीन नदी घाट में अवैध रूप से रेत उत्खनन एवं परिवहन किए जाने की सूचना पर थाना प्रभारी ब्यौहारी के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने समधीन नदी घाट पर जांच के दौरान अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन में प्रयुक्त कुल 7 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त कीं। जब्त वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। मामले में संबंधित 7 आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जब्त वाहनों में अमित कुमार चतुर्वेदी का न्यू सोल्ड स्वराज ट्रैक्टर, उदय शंकर चतुर्वेदी का स्वराज ट्रैक्टर क्रमांक MP18-AB-4333, हरिओम कुमार सेन का स्वराज ट्रैक्टर क्रमांक MP18-AB-4957, आशुतोष सिंह का न्यू सोल्ड स्वराज ट्रैक्टर, अमित पाठक का महिंद्रा युवो ट्रैक्टर क्रमांक MP18-AB-3064, रामकलेश पाठक का पावरट्रैक ट्रैक्टर तथा शेषमणि पाठक का जॉन डियर ट्रैक्टर क्रमांक MP18-AB-0438 शामिल है। संबंधित वाहन पर MP18-AB-8232 नंबर भी अंकित पाया गया।
पुलिस द्वारा अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के संबंध में प्रकरण पंजीबद्ध कर संबंधित आरोपियों और जब्त वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिलाष मिश्रा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक नरेंद्र उपाध्याय, प्रधान आरक्षक अनिल सिंह, प्रधान आरक्षक बिलाल खान, आरक्षक विवेक सूर्या, आरक्षक ऋषभ शुक्ला, आरक्षक अभिषेक तिवारी, आरक्षक पंकज मेहरा, आरक्षक सुजीत सिंह एवं आरक्षक दीपक रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

