साई होप के रिकॉर्ड शतक से वेस्टइंडीज ने रचा इतिहास: भारत को 5 विकेट से हराया, 352 रनों का ऐतिहासिक चेज
न्यू चंडीगढ़। भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला हार गई है। महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में हुए मैच को वेस्टइंडीज ने 5 विकेट से अपने नाम किया। पहले बैटिंग करते हुए भारत ने केएल राहुल की शतकीय पारी की वजह से 7 विकेट पर 351 रनों का बड़ा स्कोर बनाया। वेस्टइंडीज ने कप्तान शाई होप के शतक की मदद से 10 गेंद रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। हालांकि भारत ने तीन मैचों की सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया।
वनडे क्रिकेट में यह भारत के खिलाफ तीसरा सबसे बड़ा रनचेज है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत ने 359 रनों का टारगेट चेज करवा दिया था। वहीं वेस्टइंडीज का वनडे इतिहास में यह सबसे बड़ा रन चेज है। इससे पहले टीम ने 2019 में आयरलैंड के खिलाफ 328 रनों का टागरेट चेज करके जीत हासिल की थी। भारत के सभी गेंदबाजों ने 6 से ज्यादा की इकोनॉमी से रन दिए। डेब्यू कर रहे अंशुल कंबोज ने 8 ओवर में सबसे ज्यादा 82 रन दिए। मोहम्मद सिराज, गुरनूर बरार, कुलदीप यादव और नमन धीर को 1-1 सफलता मिली।
सलामी बल्लेबाज ज्वेल एंड्रयू की इंजरी की वजह से शाई होप ओपनिंग करने उतरे। उन्होंने शुरुआत से ही टीम इंडिया को प्रेशर में रखा। वनडे करियर का 21वां शतक लगाने वाले होप के बल्ले से 143 गेंदों पर 162 रनों की नाबाद पारी निकली। यह वनडे में उनका दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। उन्होंने 17 चौके और 3 छक्के मारे। आमिर जंगू ने वेस्टइंडीज के लिए 56 गेंद पर 67 रनों की पारी खेली। होप के साथ दूसे विकेट के लिए उन्होंने 99 गेंदों पर 109 रन जोड़े। विराट कोहली ने जंगू को रन आउट किया। शेफरेन रदरफोर्ड ने 25 गेंद पर 24 और कीमो पॉल ने 35 गेंदों में 44 रनों का योगदान दिया।
वेस्टइंडीज का सबसे बड़ा सफल रनचेज
352 vs भारत, न्यू चंडीगढ़ 2026
328 vs आयरलैंड, डबलिन 2019
326 vs इंग्लैंड, नॉर्थ साउंड 2023
322 vs बांग्लादेश, बैसेटेरे 2024
309 vs पाकिस्तान, प्रोविडेंस 2017
खराब शुरुआत के बाद भारत की दमदार बैटिंग
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने तीसरे ओवर में कप्तान शुभमन गिल (1) और विराट कोहली (0) के विकेट गंवा दिए। 4 रन पर दो विकेट गिरने के बाद बाद रोहित शर्मा ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ तीसरे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी की। रोहित अपने शतक से 8 रन दूर रह गए। उन्होंने 85 गेंदों में 3 छक्कों और 10 चौकों के साथ 92 रन बनाए। चार जीवनदान पाने वाले ऋतुराज ने 69 गेंदों में 57 रनों की पारी खेली।
इसके बाद राहुल ने नमन धीर के साथ 65 रन जोड़कर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। नमन 5 बाउंड्री के साथ 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद केएल राहुल ने कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया। डेब्यूटेंट अंशुल 17 रन बनाकर कंबोज आउट हुए।80 गेंदों पर राहुल ने अपना शतक पूरा किया। वह 87 गेंदों में 6 छक्कों और 10 चौकों के साथ 129 रन बनाकर अपने करियर की सबसे बड़ी पारी खेली। यह वनडे में उनका 9वां शतक है। आखिरी 10 ओवर में भारतीय टीम ने 105 रन बनाए। जायडेन सील्स ने 3 विकेट झटके, जबकि कीमो पॉल ने 2 विकेट निकाले।
साभार नवभारत टाइम्स

