शिवा बाबा मंदिर ट्रस्ट विवाद: रूपसिंह पंवार के समर्थन में उमड़ा बंजारा समाज, आक्रोश रैली निकाल निष्पक्ष जांच की मांग
महेन्द्र मालवीय रणजीत टाईम्स
बुरहानपुर जिले के ग्राम गंभीरपुरा स्थित ऐतिहासिक शिवा बाबा मंदिर ट्रस्ट का विवाद एक बार फिर गहरा गया है। ट्रस्ट अध्यक्ष रूपसिंह पंवार के समर्थन में मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के तीन जिलों से बड़ी संख्या में बंजारा समाज के लोग बुरहानपुर पहुंचे। समाजजनों ने कलेक्ट्रेट परिसर तक आक्रोश रैली निकाली और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
बंजारा समाज की ओर से जगदीश राठौड़ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में 22 सितंबर 2026 को रूपसिंह पंवार के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 170, 126(बी) एवं 135(3) के तहत की गई कार्रवाई पर गहरा असंतोष व्यक्त किया गया। समाजजनों ने मांग की है कि मामले के वास्तविक तथ्यों को सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई हो।
सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित करने व साजिश की जांच की मांग
ज्ञापन में 22 सितंबर की घटना के दिन के घटनास्थल और संबंधित थाने के मुख्य गेट के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रख जांच में शामिल करने का आग्रह किया गया है। साथ ही, जिस व्यक्ति की शिकायत या सूचना के आधार पर यह कार्रवाई हुई, उसकी भूमिका की भी सूक्ष्म जांच की मांग की गई है।
मामले में देवीसिंह महाराज ने आरोप लगाया कि रूपसिंह पंवार को मंदिर ट्रस्ट से बेदखल करने के लिए लंबे समय से राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा था। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। समाजजनों का कहना है कि पंवार वर्षों से शिवा बाबा मंदिर के विकास और व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं।
ज्ञापन के माध्यम से समाज ने मंदिर परिसर एवं आसपास शांति व्यवस्था मजबूत करने, क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री व सेवन पर कड़ाई से रोक लगाने तथा परिसर में पशु बलि प्रथा पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी है।
प्रशासन व पुलिस का रुख:
"बंजारा समाज द्वारा शिवा बाबा मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष रूपसिंह पंवार के संबंध में ज्ञापन दिया गया है। संबंधित अधिकारियों को अवगत कराकर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।"
— भागीरथ वाखला, डिप्टी कलेक्टर, बुरहानपुर
"मंदिर ट्रस्ट को लेकर बंजारा समाज की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।"
— प्रदीप शेंडे, एडिशनल एसपी, बुरहानपुर

