शिवपुरी में कांग्रेस ने नपा अध्यक्ष से मांगा इस्तीफाः बेटे पर रेप का आरोप; जिलाध्यक्ष बोले- आरोपी को गिरफ्तार कर घर पर बुलडोजर चलाएं
शिवपुरी संवाददाता ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी नपा अध्यक्ष गायत्री शर्मा के बेटे रजत शर्मा पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात को आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की। युवती ने कहा कि उसने पहले भी चार बार थाने में शिकायत की, लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण मामला दर्ज नहीं हो सका था।
मामले में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने विरोध रैली निकालकर कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी कर घर पर बुलडोजर चलाने और नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा से इस्तीफे की मांग की।
जानें क्या है मामला
सोशल मीडिया पर हुई थी पहचान
FIR के मुताबिक युवती की रजत शर्मा से अगस्त 2023 में फेसबुक के जरिए पहचान हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच संबंध बढ़े। रजत ने शादी का वादा कर कई बार होटल, किराए के मकान और कार में संबंध बनाए। युवती ने दावा किया कि रजत ने इन संबंधों के वीडियो भी बनाए और शादी का आश्वासन देता रहा।
युवती ने बताया कि उसके परिवार को भी रिश्ते की जानकारी थी और वे शादी के लिए तैयार थे। लेकिन मार्च 2025 में उसके भाई की कैंसर से मौत के बाद जब उसने शादी का दबाव बनाया, तो रजत ने साफ मना कर दिया। 10 अप्रैल को आरोपी ने युवती की बहन से कहा कि मैं अब शादी नहीं करूंगा, चाहे फांसी लग जाए या जेल चला जाऊं। पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच शुरू
पीड़िता इससे पहले चार बार शिकायत लेकर कोतवाली पहुंची थी, लेकिन FIR दर्ज नहीं हो सकी। आखिरकार 30 अप्रैल को युवती ने लिखित आवेदन देकर पुलिस को साक्ष्य सौंपे। इसके बाद FIR क्रमांक 667/30.04.25 दर्ज की गई।
पुलिस ने धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सामने आने के बाद से ही शिवपुरी की सियासत में हलचल तेज हो गई थी। विपक्ष लगातार भाजपा नेताओं ने एफआईआर दर्ज न करने का दबाव बनाने का आरोप लगा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी और बुलडोजर कार्रवाई की मांग
शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी और पार्टी के पार्षदों ने विरोध रैली निकालकर नगर पालिका कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने आरोपी रजत की तत्काल गिरफ्तारी और उसके घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा से इस्तीफे की मांग भी की गई।
जिलाध्यक्ष विजय सिंह चौहान ने बताया कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी न होना सरकार की दोहरी नीति को दर्शाता है। कांग्रेस ने कार्रवाई न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन पर जिलाध्यक्ष चौहान सहित नेता प्रतिपक्ष शशि शर्मा और कांग्रेसी पार्षदों के हस्ताक्षर हैं। शिवपुरी नगरपालिका अध्यक्ष के बेटे पर दुष्कर्म का केसःशादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाए, पांचवीं बार में हुई FIR दर्ज
शिवपुरी से संवाददाता ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट