शिवपुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रंगदारी और मारपीट करने वाले दो शातिर बदमाश चढ़े कोतवाली पुलिस के हत्थे
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी | शहर में दहशत फैलाकर अवैध वसूली और मारपीट करने वाले अपराधियों के विरुद्ध शिवपुरी पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। थाना कोतवाली पुलिस ने रंगदारी और एससी-एसटी एक्ट के मामले में करीब डेढ़ महीने से फरार चल रहे दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
क्या था मामला?
बीती 25 फरवरी 2026 को शांतिनगर निवासी कुलदीप शाक्य ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी गौरव शर्मा और हर्षित पाराशर ने शराब के लिए पैसों की मांग की थी। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने न केवल कुलदीप के साथ मारपीट की, बल्कि उसे जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने इस पर अपराध क्रमांक 138/26 के तहत बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज किया था।
दबिश देकर दबोचे गए आरोपी
घटना के बाद से ही दोनों आरोपी पुलिस को चकमा दे रहे थे। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के सख्त निर्देशों के बाद, नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली टीआई रोहित दुबे ने एक विशेष टीम गठित की।
मुखबिर तंत्र और तकनीकी निगरानी की मदद से पुलिस ने आज दिनांक 15 अप्रैल को दोनों आरोपियों:
गौरव शर्मा (34 वर्ष) निवासी कमलागंज का बाड़ा
हर्षित पाराशर (29 वर्ष) निवासी कमलागंज का बाड़ा
को घेराबंदी कर धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों युवक आदतन अपराधी हैं और इन पर पहले भी मारपीट के कई मामले दर्ज हैं।
न्यायालय ने भेजा जेल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट बनने पर उन्हें जिला जेल शिवपुरी भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका:
इस सफलता में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, उनि. सुमित शर्मा, सउनि. आविद खान, आरक्षक सुमित सेंगर और आरक्षक मुकेश वर्मा की विशेष भूमिका रही।

