श्रेयस अय्यर का धमाका: पंजाब ने लखनऊ को 7 विकेट से हराया, प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार

  • Share on :

लखनऊ। पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को सात विकेट से हराकर अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जीवित रखा है। शनिवार को इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ ने जोश इंग्लिस की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 196 रन बनाए। जवाब में पंजाब किंग्स ने श्रेयस अय्यर की नाबाद शतकीय और  प्रभसिमरन की अर्धशतकीय पारियों की सहायता से 18 ओवर में तीन विकेट पर 200 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। 
लगातार छह मुकाबलों में हार के बाद पंजाब जीत की पटरी पर लौट आई है। लखनऊ को हराकर टीम ने शीर्ष-चार में जगह बना ली और प्लेऑफ की उम्मीदों को जीवित रखा है। टीम ने 14 में से सात मुकाबले जीतकर 15 अंक हासिल कर लिए हैं और नेट रन रेट +0.309 हो गया। अब पंजाब का प्लेऑफ में पहुंचना राजस्थान रॉयल्स पर निर्भर करेगा, जिसे रविवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में उतरना है। राजस्थान इस मैच को अगर अपने नाम करती हैं, तो प्लेऑफ का अंतिम टिकट उसी के नाम होगा।
लखनऊ की शुरुआत ही इस मुकाबले में खराब हुई थी। इस टीम ने महज 20 के स्कोर तक अर्शिन कुलकर्णी (0) और निकोलस पूरण (2) का विकेट गंवा दिया था। यहां से जोश इंग्लिस ने आयुष बडोनी के साथ 23 गेंदों में 49 रन की साझेदारी की। बडोनी 18 गेंदों में तीन छक्कों और पांच चौकों के साथ 43 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद इंग्लिस ने कप्तान ऋषभ पंत के साथ चौथे विकेट के लिए 43 गेंदों में 65 रन जुटाए। पंत ने टीम के खाते में 26 रन का योगदान दिया।
इसके बाद इंग्लिस ने अब्दुल समद के साथ पांचवें विकेट के लिए 19 गेंदों में 35 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इंगलिस दो छक्कों और नौ चौकों के साथ 72 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अब्दुल समद ने 37 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से मार्को यानसेन और युजवेंद्र चहल ने दो-दो विकेट निकाले। अजमतुल्लाह ओमरजई और शशांक सिंह ने एक-एक विकेट हासिल किया।
इसके जवाब में पंजाब किंग्स ने 18 ओवरों में जीत हासिल कर ली। पंजाब किंग्स पारी की पहली ही गेंद पर प्रियांश आर्या (0) का बड़ा विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद कूपर कोनोली ने प्रभसिमरन सिंह के साथ दूसरे विकेट के लिए 22 रन जुटाए। कोनोली 10 गेंदों में चार चौकों के साथ महज 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद कप्तान अय्यर ने प्रभसिमरन के साथ तीसरे विकेट के लिए 76 गेंदों में 140 रन जुटाकर टीम को जीत की दहलीज पर ला दिया।
प्रभसिमरन 39 गेंदों में दो छक्कों और सात चौकों के साथ 69 रन की पारी खेलकर आउट हुए। इस टीम ने 15 ओवरों की समाप्ति तक तीन विकेट खोकर 162 रन बना लिए थे, जिसके बाद अय्यर ने सूर्यांश शेडगे के साथ 18 गेंदों में 38 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। अय्यर 51 गेंदों में पांच छक्कों और 11 चौकों के साथ 101 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि सूर्यांश ने नाबाद नौ रन बनाए। विपक्षी खेमे से मोहम्मद शमी ने सर्वाधिक दो विकेट हासिल किए, जबकि अर्जुन तेंदुलकर ने एक विकेट अपने नाम किया।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper