सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य श्री संजय बंदोपाध्याय विशेष रूप से हुए शामिल

  • Share on :

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
आदित्य शर्मा
   इंदौर जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आज कलेक्टर कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुधार एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई। सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य श्री संजय बंदोपाध्याय (सेवानिवृत्त आईएएस) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
     बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, डीसीपी ट्रैफिक श्री राजेश त्रिपाठी, अपर कलेक्टर श्री रोशन राय, अपर आयुक्त नगर निगम श्री आकाश सिंह, श्री प्रखर सिंह, श्री अभय राजनगांवकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
    बैठक में श्री संजय बंदोपाध्याय ने कहा कि सड़क एवं यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए इंफोर्समेंट और जन-जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों की मदद लेकर सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाई जाए तथा बड़े शहरों के सफल नवाचारों को साझा किया जाए। उन्होंने ब्लैक स्पॉट के सुधार पर विशेष फोकस करने, सड़क दुर्घटना होने पर तत्काल पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने और तुरंत एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों को परिणाममूलक बनाने, यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई को तेज करने तथा चालान प्रक्रिया में एआई जैसी अत्याधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी जोर दिया।
    बैठक में जिले में पिछले पांच वर्षों के दौरान हुई सड़क दुर्घटनाओं, मृत्यु एवं घायलों की संख्या का विश्लेषण प्रस्तुत किया गया। ब्लैक स्पॉट्स के डेटा, उनकी वर्तमान स्थिति तथा किए गए सुधार कार्यों के प्रभाव पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
    सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में जिले में किए जा रहे नवाचार एवं श्रेष्ठ अभ्यासों की जानकारी दी गई। साथ ही सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किए गए भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक प्रवर्तन उपायों की समीक्षा की गई। राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर स्थित प्रमुख ब्लैक स्पॉट्स के निरीक्षण एवं सुधार कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper